फरीदाबाद की फैक्टरी में लगी आग में दमकलकर्मी की मौत, मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हुई

Ads

फरीदाबाद की फैक्टरी में लगी आग में दमकलकर्मी की मौत, मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हुई

  •  
  • Publish Date - February 23, 2026 / 04:26 PM IST,
    Updated On - February 23, 2026 / 04:26 PM IST

फरीदाबाद, 23 फरवरी (भाषा) फारीदाबाद के मुजेसर गांव में स्थित एक फैक्टरी में पिछले हफ्ते लगी भीषण आग को बुझाते समय झुलसे एक दमकलकर्मी की सोमवार सुबह मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

दमकलकर्मी की मौत के साथ ही इस घटना में मारे जाने वालों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है।

पुलिस ने बताया कि दमकलकर्मी की पहचान अताली गांव निवासी रणवीर सिंह (48) के रूप में हुई है। वह पांच साल पहले अग्निशमन विभाग में शामिल हुए थे और उनके दो बेटे तथा एक बेटी हैं।

पुलिस के अनुसार, अन्य लोगों के साथ ही उनका भी दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज किया जा रहा था। इस अग्निकांड में अब तक एक पुलिसकर्मी, दो दमकलकर्मी, फैक्टरी के मालिक का बेटा और एक कर्मचारी की मौत हो चुकी है।

पुलिस ने बताया कि गत सोमवार को मुजेसर के सेक्टर 24 स्थित कालकाजी लुब्रिकेंट्स और शिव स्टील कंपनी की फैक्टरी में आग लग गई थी। इस हादसे में तीन पुलिसकर्मियों और दो दमकलकर्मियों सहित कुल 37 लोग झुलस गए थे।

पुलिस ने बताया कि मामूली रूप से झुलसे लोगों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि अन्य घायलों का अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है।

भाषा यासिर धीरज

धीरज