Tamilnadu SIR Final Voter List: इस राज्य में भी अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित.. निर्वाचन आयोग ने हटाए इतने लाख अपात्रों के नाम, जानें प्रदेश में कितने नए मतदाता..

Ads

Tamilnadu SIR Final Voter List: तमिलनाडु में एसआईआर 2026 के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी, कुल 5.67 करोड़ मतदाता दर्ज, अपील प्रक्रिया भी घोषित।

  •  
  • Publish Date - February 23, 2026 / 05:19 PM IST,
    Updated On - February 23, 2026 / 05:33 PM IST

Tamilnadu SIR Final Voter List || Image- IBC24 News File

HIGHLIGHTS
  • तमिलनाडु की अंतिम मतदाता सूची जारी
  • 5.67 करोड़ से अधिक मतदाता दर्ज
  • 4.23 लाख अपात्र नाम हटाए गए

चेन्नई: भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 के तहत प्रक्रिया पूरी होने के बाद तमिलनाडु राज्य की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी है। आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, राज्य में कुल 5,67,07,380 मतदाता दर्ज किए गए हैं। (Tamilnadu SIR Final Voter List) इनमें 2,77,38,925 पुरुष, 2,89,60,838 महिला और 7,617 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। 18-19 वर्ष आयु वर्ग के 12.51 लाख युवा मतदाता सूची में शामिल हैं, जबकि 4.63 लाख मतदाता दिव्यांग श्रेणी में चिह्नित हैं और 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं की संख्या 3.99 लाख है।

हटाए गये 4.23 लाख अपात्र नाम

निर्वाचन आयोग के अनुसार, संशोधन प्रक्रिया 27 अक्टूबर 2025 से 23 फरवरी 2026 तक चली, जिसमें 1 जनवरी 2026 को पात्रता तिथि निर्धारित किया गया था। 27 अक्टूबर 2025 तक राज्य में 6,41,14,587 पंजीकृत मतदाता थे। गणना चरण के बाद 19 दिसंबर 2025 को जारी मसौदा सूची में 5,43,76,756 मतदाता दर्ज थे। 19 दिसंबर 2025 से 30 जनवरी 2026 के बीच दावे और आपत्तियों की अवधि में 27.53 लाख पात्र मतदाता जोड़े गए, जबकि 4.23 लाख अपात्र नाम हटाए गए। इसके बाद 23 फरवरी 2026 को अंतिम सूची प्रकाशित की गई।

चेन्नई जिले के 18-हार्बर विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम 1,16,896 मतदाता

अंतिम सूची के अनुसार, सबसे अधिक मतदाता चेंगलपट्टू जिले के 27-शोझांगनल्लूर विधानसभा क्षेत्र में हैं, जहां 5,36,991 मतदाता (2,62,621 पुरुष, 2,74,254 महिला, 116 तृतीय लिंग) दर्ज किए गए हैं। इसके बाद तिरुवल्लूर जिले के 6-अवडी विधानसभा क्षेत्र में 4,28,772 मतदाता हैं। (Tamilnadu SIR Final Voter List) वहीं, चेन्नई जिले के 18-हार्बर विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम 1,16,896 मतदाता और 16-एग्मोर (एससी) विधानसभा क्षेत्र में 1,34,879 मतदाता दर्ज किए गए हैं।

विज्ञप्ति में बताया गया है कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 24(ए) के तहत निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी के निर्णय के विरुद्ध 15 दिनों के भीतर जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष अपील की जा सकती है। यदि प्रथम अपील से संतुष्टि न हो, तो धारा 24(ख) के तहत 30 दिनों के भीतर मुख्य निर्वाचन अधिकारी के समक्ष दूसरी अपील दायर की जा सकती है। मतदाताओं से अपील की गई है कि वे सूची में अपना नाम सत्यापित करें और आवश्यकता होने पर फॉर्म-6 (नाम जोड़ने), फॉर्म-7 (नाम हटाने) और फॉर्म-8 (सुधार) के माध्यम से आवेदन करें।

चुनाव संबंधी जानकारी के लिए राज्यभर में टोल-फ्री नंबर जारी

18-19 वर्ष आयु वर्ग के नए मतदाताओं और संशोधन के लिए आवेदन करने वाले मतदाताओं को ईपीआईसी (मतदाता पहचान पत्र) स्पीड पोस्ट के जरिए उनके पते पर भेजा जाएगा। (Tamilnadu SIR Final Voter List) मतदाता सूची के निरंतर अद्यतन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। पात्र नागरिक संबंधित अधिकारियों के कार्यालय, ऑनलाइन माध्यम, “वोटर हेल्पलाइन ऐप” या बीएलओ के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। चुनाव संबंधी जानकारी के लिए राज्यभर में टोल-फ्री नंबर 1950 तथा राज्य संपर्क केंद्र के नंबर 1800-4252-1950 पर संपर्क किया जा सकता है।

इन्हें भी पढ़ें:-

Q1. तमिलनाडु में कुल कितने मतदाता दर्ज हुए हैं?

राज्य की अंतिम सूची में कुल 5,67,07,380 मतदाता दर्ज किए गए हैं।

Q2. संशोधन प्रक्रिया के दौरान कितने नाम हटाए गए?

संशोधन प्रक्रिया में कुल 4.23 लाख अपात्र मतदाताओं के नाम हटाए गए।

Q3. मतदाता सूची में सुधार कैसे किया जा सकता है?

फॉर्म-6, 7 या 8 के माध्यम से ऑनलाइन या कार्यालय में आवेदन करें।