कोलकाता बंदरगाह से नेपाल के बिराटनगर तक पहली सीधी माल ढुलाई ट्रेन का संचालन

कोलकाता बंदरगाह से नेपाल के बिराटनगर तक पहली सीधी माल ढुलाई ट्रेन का संचालन

कोलकाता बंदरगाह से नेपाल के बिराटनगर तक पहली सीधी माल ढुलाई ट्रेन का संचालन
Modified Date: July 28, 2026 / 08:36 pm IST
Published Date: July 28, 2026 8:36 pm IST

नयी दिल्ली, 28 जुलाई (भाषा) भारतीय रेलवे ने पहली बार कोलकाता बंदरगाह से नेपाल के विराटनगर कस्टम यार्ड तक सीधे वाणिज्यिक कंटेनर मालगाड़ी का सफल संचालन किया।

रेलवे मंत्रालय के एक प्रेस नोट में कहा गया है, ‘‘कैनोला की खेप ले जा रही 40 डिब्बों वाली इस ट्रेन ने संशोधित भारत-नेपाल रेल पारगमन प्रोटॉकोल के तहत अपनी यात्रा पूरी की, जो रेल-आधारित सीमा-पार माल ढुलाई में एक नए अध्याय की शुरुआत है।’’

उसने कहा, ‘‘इस सफल संचालन से कोलकाता बंदरगाह से नेपाल के विराटनगर तक कंटेनर से माल की सीधी ढुलाई संभव हो गई है। अब सीमा पर माल उतारने और दोबारा चढ़ाने की जरूरत नहीं होगी। इस नई व्यवस्था से माल ढुलाई में लगने वाला समय, परिवहन खर्च और माल की संभाल से जुड़ी लागत में काफी कमी आने की उम्मीद है। इससे दोनों पड़ोसी देशों के बीच सीमा-पार व्यापार की दक्षता, विश्वसनीयता और प्रतिस्पर्धात्मकता भी बेहतर होगी।’’

यह उपलब्धि भारत-नेपाल रेल पारगमन प्रोटोकॉल में किए गए बदलावों को लागू करने से संभव हुई है। ये बदलाव दोनों देशों के बीच माल की निर्बाध रेल ढुलाई सुगम बनाते हैं।

अधिकारियों ने बताया कि यह उपलब्धि जोगबनी (भारत) और विराटनगर (नेपाल) के बीच ब्रॉड-गेज रेल लिंक पर आधारित है, जिसका उद्घाटन जून 2023 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके तत्कालीन नेपाली समकक्ष ने किया था।

नवंबर 2025 में संशोधित विनिमय पत्र पर दस्तखत होने के बाद अब विराटनगर तक सीधी वाणिज्यिक रेल माल ढुलाई सेवा शुरू हो गई है। इससे दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक सहयोग के नए अवसर खुल गये हैं।

प्रेस नोट में कहा गया है कि इस सीधी माल ढुलाई सेवा से आयात और निर्यात से जुड़े सामानों की आवाजाही को बढ़ावा मिल सकता है। इससे माल ढुलाई के लिए तेज, कम खर्चीला और पर्यावरण के अनुकूल साधन उपलब्ध होगा।

भाषा राजकुमार नरेश

नरेश


लेखक के बारे में