शिमला, दो मार्च (भाषा) हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में एक व्यक्ति पर कथित तौर पर हमला करने और उसे यूपीआई के माध्यम से विभिन्न बैंक खातों में 20,000 रुपये से अधिक की रकम भेजने के लिए मजबूर करने के आरोप में सोमवार को पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान भूपेंद्र सिंह, चंदन प्रसाद, गोलू कुमार, मोहम्मद आफताब और मोहम्मद फरमान के रूप में हुई है।
सोलन में बद्दी क्षेत्र के निवासी रजनीश यादव द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, 27 फरवरी को जब वह घर लौट रहे थे तब पांच आरोपियों ने उन्हें गोल चौक के पास रोक लिया। आरोपियों ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया और उन पर हमला किया। शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने यूपीआई के माध्यम से विभिन्न बैंक खातों में 23,260 रुपये भेजने के लिए मजबूर किया और इसके बाद फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
साइबर अपराध टीम ने यूपीआई लेनदेन का गहन विश्लेषण किया और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 48 घंटों के भीतर आरोपियों का पता लगा लिया और उन्हें तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया।
बद्दी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि जांच जारी है।
भाषा
शुभम माधव
माधव