ओडिशा में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोगों की मौत, 31 लोग घायल

Ads

ओडिशा में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोगों की मौत, 31 लोग घायल

  •  
  • Publish Date - May 10, 2026 / 01:04 AM IST,
    Updated On - May 10, 2026 / 01:04 AM IST

भुवनेश्वर, नौ मई (भाषा) ओडिशा में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई और 31 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि शनिवार शाम राष्ट्रीय राजमार्ग-16 पर एक ट्रक ने दो मोटरसाइकिलों व एक स्कूटर को टक्कर मार दी, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया।

पुलिस के मुताबिक, यह दुर्घटना अग्निशमन केंद्र छाक के पास ओवरब्रिज पर उस समय हुई, जब एक बाइक पर दो युवक, दूसरी बाइक पर एक बुजुर्ग व्यक्ति और एक स्कूटर पर एक महिला शहीद नगर से खंडागिरी की ओर जा रहे थे।

पुलिस ने बताया कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बुजुर्ग व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना इतनी भीषण थी कि महिला की खोपड़ी सड़क पर जा गिरी।

पुलिस ने बताया कि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया और अब तक उसका पता नहीं चल पाया।

इस दुर्घटना के कारण कोलकाता और चेन्नई को जोड़ने वाले एनएच-16 पर भीषण यातायात जाम लग गया।

इससे पहले गंजाम जिले में शनिवार सुबह ट्रक और तीर्थयात्रियों से भरी एक बस की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में बस चालक की मौत हो गई, और 15 अन्य लोग घायल हो गए। इस दौरान बस में 30 तीर्थयात्री सवार थे।

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘घायलों को कोडाला अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। उन घायलों में से दो को बाद में ब्रह्मपुर के एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में रेफर कर दिया गया।’’

अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य सड़क दुर्घटना मयूरभंज जिले के बेतनती थाना क्षेत्र में नंदासोल चक के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई जहां शादी समारोह में लोगों को ले जा रही एक एसयूवी, ट्रक से टकराने के बाद पलट गई।

पुलिस ने बताया कि हादसे में 13 लोग घायल हो गए।

उन्होंने कहा कि घायलों को पीआरएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वहीं, सुंदरगढ़ जिले के तलसरा थाना क्षेत्र में घोघर बुंदेल जंगल के पास एक सड़क दुर्घटना में एक मोटरसाइकल चालक की मौत हो गई और दो अन्य लोग गंभीर घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान श्लोक बारला (22) के रूप में हुई है। तीनों एक शादी समारोह में जा रहे थे।

भाषा जितेंद्र सुरभि

सुरभि