उत्तराखंड में एसयूवी के नदी में गिरने से दंपति और दो बच्चों समेत परिवार के पांच लोगों की मौत

उत्तराखंड में एसयूवी के नदी में गिरने से दंपति और दो बच्चों समेत परिवार के पांच लोगों की मौत

उत्तराखंड में एसयूवी के नदी में गिरने से दंपति और दो बच्चों समेत परिवार के पांच लोगों की मौत

Bijapur Naxal News || Image- IBC24 Archive

Modified Date: April 13, 2025 / 12:09 am IST
Published Date: April 12, 2025 10:06 pm IST

नयी टिहरी, 12 अप्रैल (भाषा) उत्तराखंड के टिहरी जिले में शनिवार तड़के एक स्पोर्ट यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) के नदी में गिरने से उसमें सवार छह लोगों में से पांच की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। देवप्रयाग थाने के प्रभारी महिपाल सिंह रावत ने बताया कि सुबह करीब छह बजे बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बगवान गांव के पास महिंद्रा थार दुर्घटनाग्रस्त होकर अलकनंदा नदी में गिर गई। इस एसयूवी में छह लोग सवार थे। राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) ने एक महिला को बचा लिया है।

थाना प्रभारी के अनुसार, फरीदाबाद का रहने वाला यह परिवार उत्तराखंड के चमोली जिले के गौचर में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था, तभी यह दुर्घटना हुई। मृतकों की पहचान सुनील गुसाईं (44), उनकी पत्नी मीना, उनके बेटे धैर्य (14) और बेटी सुजल (12) और मदन सिंह गुसाईं के बेटे आदित्य (16) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि आदित्य की मां अनीता को बचा लिया गया और गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने बताया कि कार सुनील गुसाईं चला रहे थे। दंपति और उनके दो बच्चे फरीदाबाद के सैनिक कॉलोनी में रह रहे थे, जबकि आदित्य रुड़की के दुर्गा कॉलोनी का निवासी था। थाना प्रभारी ने बताया कि एसडीआरएफ और पुलिसकर्मियों के गोताखोरो द्वारा अलकनंदा नदी में कई घंटों तक चलाए गए तलाशी अभियान के बाद शव बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि शवों को एंबुलेंस से श्रीकोट के बेस अस्पताल भेज दिया गया।


लेखक के बारे में

सवाल आपका है.. पत्रकारिता के माध्यम से जनसरोकारों और आप से जुड़े मुद्दों को सीधे सरकार के संज्ञान में लाना मेरा ध्येय है। विभिन्न मीडिया संस्थानों में 10 साल का अनुभव मुझे इस काम के लिए और प्रेरित करता है। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रानिक मीडिया और भाषा विज्ञान में ली हुई स्नातकोत्तर की दोनों डिग्रियां अपने कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ने के लिए गति देती है।