जयपुर, 12 अप्रैल (भाषा) महिलाओं की सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जयपुर पुलिस आयुक्तालय ने रविवार को पांच नयी पीसीआर वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (यातायात एवं प्रशासन) योगेश दाधीच ने बताया कि ये वैन दो पारियों में संचालित होंगी-सुबह सात बजे से अपराह्न तीन बजे तक और अपराह्न तीन बजे से रात 11 बजे तक। सभी वैन पुलिस नियंत्रण कक्ष की निगरानी में कार्य करेंगी और 1090 हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करेंगी।
उन्होंने बताया कि इन पीसीआर वैन का उपयोग भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, स्कूल-कॉलेजों और मॉल के आसपास नियमित गश्त के लिए किया जाएगा। किसी भी घटना की सूचना मिलने पर नियंत्रण कक्ष द्वारा निकटतम वैन को तुरंत मौके पर भेजा जाएगा।
इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजीता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रानू शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
भाषा
बाकोलिया रवि कांत