शिमला, 28 जुलाई (भाषा) हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भरमौर-पठानकोट राज्य राजमार्ग पर एक वाहन के खाई में गिरने से एक परिवार के चार सदस्यों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा सोमवार देर रात हुआ, जब परिवार अपने तीन महीने के बीमार बच्चे को इलाज के लिए पठानकोट ले जा रहा था।
अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की पहचान बीमार बच्चे, उसके दादा वचन सिंह (60), माता-पिता रिपुन सिंह (30) और रिम्पी देवी के तौर पर हुई है। मरने वालों में 23 वर्षीय कीर्ति भी शामिल हैं। ये सभी चंबा के गेहरा गांव के निवासी थे।
पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि चालक के नियंत्रण खोने के बाद कार करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिर गई।
चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने कहा, ‘‘शवों को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए डलहौजी अस्पताल भेज दिया गया है। हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।’’
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे। दुर्गम क्षेत्र और रात के समय हादसा होने के कारण बचाव अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस और बचाव दल की मदद की।
पुलिस ने लोगों से पहाड़ी क्षेत्रों में, खासकर रात के समय और खराब मौसम में, अत्यंत सावधानी से वाहन चलाने की अपील की है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने यहां जारी एक बयान में सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत पर दुख जताया और जिला प्रशासन को पीड़ित परिवार के सदस्यों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
भाषा अमित नेत्रपाल
नेत्रपाल