नयी दिल्ली, छह मार्च (भाषा) दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के महावीर एन्क्लेव में 25 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या करने के आरोप में तीन नाबालिगों सहित पांच लोगों को पकड़ा गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों बालिगों की पहचान धर्मेंद्र और ओंकार के रूप में हुई है और उनकी उम्र 24 वर्ष है और वे स्थानीय दूध विक्रेता हैं।
मणिपाल अस्पताल से चार मार्च को चाकूबाजी की एक घटना की सूचना मिली। पुलिस को बताया गया कि महावीर एन्क्लेव में आठ से दस लोगों ने एक व्यक्ति पर हमला किया है।
एक अधिकारी ने बताया कि पालम गांव थाने से पुलिस की एक टीम अस्पताल पहुंची। उन्होंने बताया कि घायल 25 वर्षीय पुनीत यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया और संदिग्धों की पहचान की।
पुलिस के अनुसार, मृतक गोयला डेयरी में एक दूध डेयरी चलाता था और अविवाहित था।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि उसने कथित तौर पर अतीत में एक नाबालिग को छेड़ा था, जिसके कारण रंजिश पैदा हुई।
अधिकारी ने बताया कि घटना वाले दिन, नशे की हालत में नाबालिग यादव से भिड़ गया और अपने साथियों की मदद से उस पर चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस ने बताया कि अपराध में इस्तेमाल किया गया खून से सना हुआ चाकू बरामद कर लिया गया है।
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश