जयपुर में भीषण आग लगने की घटना के बाद भी खामियां दूर नहीं हुईं: अशोक गहलोत

जयपुर में भीषण आग लगने की घटना के बाद भी खामियां दूर नहीं हुईं: अशोक गहलोत

जयपुर में भीषण आग लगने की घटना के बाद भी खामियां दूर नहीं हुईं: अशोक गहलोत
Modified Date: September 29, 2026 / 02:44 pm IST
Published Date: September 29, 2026 2:44 pm IST

जयपुर, 29 सितंबर (भाषा) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार को आरोप लगाया कि जयपुर के परकोटा शहर में हालिया अग्निकांड के बावजूद कमियां दूर नहीं हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अग्निकांड के बावजूद सबक न लेना बताता है कि भाजपा सरकार को जनता की सुरक्षा से कोई सरोकार नहीं है।

उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों पुरोहित जी का कटला में भीषण आग लगने की घटना में लगभग 20 दुकानें खाक हो गई थीं।

गहलोत ने एक बयान में आरोप लगाया,‘‘कुछ दिन पहले ही पुरोहित जी का कटला में भीषण आग लगने की घटना हुई थी, फिर भी जिम्मेदार अधिकारियों में कोई सबक लेने का भाव नहीं दिख रहा।’’

उन्होंने कहा कि जयपुर के परकोटे में 33 ‘हाईड्रेंट’ लगे हैं लेकिन किसी में ‘प्रेशर’ नहीं है नोजल तक में जंग लग चुका है। उन्होंने दावा किया कि शहर के ट्रांसपोर्ट नगर से परकोटा तक चार जगह पाइप लाइन लीक हो रही है,। नगर निगम की फायर शाखा ने खुद निरीक्षण कर 20 से 23 सितंबर के बीच बाजारों में सर्वे करवाया, रिपोर्ट भी सौंपी गई, लेकिन खामियां जस की तस बनी हुई हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा कि दिवाली नजदीक है, ऐसे में आतिशबाजी और बिजली सजावट से आग लगने का खतरा सबसे ज्यादा रहता है। ऐसे में अगर ‘फायर हाईड्रेंट’ ही बेकार पड़े रहेंगे तो आग बुझाने का क्या इंतजाम बचेगा?

उन्होंने कहा,‘‘यह सिर्फ लापरवाही नहीं बल्कि लोगों की जान और व्यापारियों की जिंदगीभर की कमाई के साथ खिलवाड़ है। अग्निकांड के बाद भी सबक न लेना बताता है कि भाजपा सरकार को जनता की सुरक्षा से कोई सरोकार नहीं है।’’

‘हाइड्रेंट’ एक ऐसा स्थायी जल-स्रोत/पाइप कनेक्शन होता है, जिससे अग्निशमन विभाग की गाड़ियां या दमकलकर्मी पाइप जोड़कर आग बुझाने के लिए पानी ले सकते हैं।

भाषा पृथ्वी

मनीषा संतोष

संतोष


लेखक के बारे में