असम में बाढ़ की स्थिति में सुधार, लेकिन ढाई लाख लोग अब भी प्रभावित

असम में बाढ़ की स्थिति में सुधार, लेकिन ढाई लाख लोग अब भी प्रभावित

असम में बाढ़ की स्थिति में सुधार, लेकिन ढाई लाख लोग अब भी प्रभावित
Modified Date: June 5, 2024 / 11:02 pm IST
Published Date: June 5, 2024 11:02 pm IST

गुवाहाटी, पांच जून (भाषा) असम में बाढ़ की स्थिति में बुधवार को सुधार हुआ, लेकिन एक और व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई, जबकि आठ जिलों में लगभग ढाई लाख लोग अब भी बाढ़ से जूझ रहे हैं। एक आधिकारिक बुलेटिन में यह जानकारी दी गई है।

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) की दैनिक बाढ़ रिपोर्ट के अनुसार, कछार जिले के कटिगोराह राजस्व सर्कल में एक व्यक्ति की मौत हो गई।

इसके साथ ही इस साल बाढ़, भूस्खलन और तूफान में जान गंवाने वालों की कुल संख्या बढ़कर 34 हो गई।

कछार, दीमा हसाओ, हैलाकांडी, होजाई, पश्चिम कार्बी आंगलोंग, करीमगंज, मोरीगांव और नगांव जिलों में बाढ़ के कारण लगभग 2,47,000 लोग प्रभावित हुए हैं।

एएसडीएमए ने कहा कि नगांव सबसे अधिक प्रभावित है, जहां 1.4 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। इसके बाद कछार में लगभग 65,500 लोग और होजाई में तकरीबन 18,500 लोग प्रभावित हैं।

राज्य के नौ जिलों में मंगलवार तक 4.23 लाख से अधिक लोग बाढ़ प्रभावित थे।

प्रशासन पांच जिलों में 112 राहत शिविर चला रहा है, जहां 22,373 लोग शरण लिये हुए हैं तथा चार जिलों में 21 राहत वितरण केंद्र हैं।

एएसडीएमए ने कहा कि वर्तमान में राज्य में 375 गांव जलमग्न हैं और 5,055.6 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र नष्ट हो गया है।

बाढ़ से 32,200 से अधिक पालतू पशु और मुर्गियां प्रभावित हुई हैं।

भाषा नोमान सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में