ट्रेन में हुई मारपीट के बाद सूरत स्टेशन पर पूछताछ के दौरान विदेशी नागरिक की मौत, जांच जारी
ट्रेन में हुई मारपीट के बाद सूरत स्टेशन पर पूछताछ के दौरान विदेशी नागरिक की मौत, जांच जारी
सूरत, 19 अगस्त (भाषा) सहयात्रियों से झगड़े के बाद लंबी दूरी की ट्रेन से गुजरात के सूरत रेलवे स्टेशन पर उतारे गए एक विदेशी नागरिक की रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की चौकी में पूछताछ के दौरान मौत हो गई। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि जीआरपी ने उसकी मौत की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए हिरासत में हुई मौत की जांच शुरू कर दी है।
जीआरपी के अनुसार, यह अज्ञात विदेशी नागरिक मुंबई के बोरीवली से गोल्डन टेंपल एक्सप्रेस में सवार होकर दिल्ली जा रहा था।
पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभय सोनी ने बताया कि 17 अगस्त की रात गुजरात के वापी स्टेशन पर रुकने के बाद ट्रेन आगे बढ़ी, उस समय वह ट्रेन के दरवाजे पर खड़ा था जिसे लेकर सहयात्रियों ने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर विदेशी नागरिक की सहयात्रियों से कहा-सुनी हुई और फिर हाथापाई हो गई।
एसपी के अनुसार, एक सहयात्री ने रेलवे की 139 हेल्पलाइन पर फोन कर एक विदेशी नागरिक के यात्रियों से झगड़ा करने की सूचना दी। आरोप है कि लड़ाई के दौरान विदेशी नागरिक ने सह-यात्रियों पर अग्निशामक यंत्र से स्प्रे भी किया।
ट्रेन के सूरत पहुंचने पर आरपीएफ और जीआरपी के जवानों ने हस्तक्षेप किया और व्यक्ति को ट्रेन से उतारकर प्लेटफॉर्म स्थित आरपीएफ चौकी ले गए।
सोनी ने कहा, ‘‘पूछताछ के दौरान वह अचानक बेहोश हो गया और उसकी मौत हो गई।’’
उन्होंने कहा, ‘‘सहयात्रियों के साथ उसका विवाद हुआ था। सूरत में आरपीएफ और जीआरपी ने कार्रवाई करते हुए उसे ट्रेन से उतारा और आरपीएफ चौकी ले गए। वहां बातचीत के दौरान वह बेहोश हो गया और उसकी मौत हो गई।’’
सोनी ने कहा कि व्यक्ति की पहचान और राष्ट्रीयता का अभी पता नहीं चल पाया है। वह अफ़्रीकी नागरिक हो सकता है, लेकिन पुलिस अभी इसकी पुष्टि नहीं कर रही है क्योंकि एक जैसी शारीरिक बनावट वाले लोग दूसरे देशों के भी हो सकते हैं।
अधिकारी ने कहा, ‘‘उसके पास से कोई पासपोर्ट या पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिला है।’’
पुलिस के अनुसार, व्यक्ति की उम्र करीब 45 वर्ष हो सकती है और अब तक उसकी पहचान के लिए कोई सामने नहीं आया है।
सोनी ने कहा कि रेलवे पुलिस ने मौत की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए हिरासत में मौत की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा, ‘‘हमने जांच के लिए रेलवे पुलिस की एक टीम मुंबई भी भेजी है।’’
भाषा शुभम सुरभि
सुरभि

Facebook


