ईडी की कार्रवाई से खौफजदा नहीं, राजनीतिक और कानूनी तौर पर निपटेंगे: रियास
ईडी की कार्रवाई से खौफजदा नहीं, राजनीतिक और कानूनी तौर पर निपटेंगे: रियास
तिरुवनंतपुरम/कोझिकोड, 19 अगस्त (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता पी ए मोहम्मद रियास ने बुधवार को कहा कि एक दिन पहले उनके करीबी लोगों के घरों और कारोबारी प्रतिष्ठानों पर हुई प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई का वह और पार्टी राजनीतिक तथा कानूनी, दोनों स्तरों पर मुकाबला करेंगे।
माकपा के राज्य सचिव एम वी गोविंदन ने भी इसी तरह का विचार व्यक्त किया और दावा किया कि ईडी अब पूर्व मुख्यमंत्री पिनारई विजयन की बेटी वीणा टी के पति रियास को निशाना बनाने की कोशिश कर रही है।
ईडी ने मंगलवार को सीएमआरएल-एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस मामले से जुड़े धनशोधन की जांच के तहत केरल में कई स्थानों पर नए सिरे से तलाशी अभियान चलाया, जिसमें वीणा से पूछताछ की गई थी।
एजेंसी ने पीएमएलए के तहत कार्रवाई करते हुए कोझिकोड में आठ स्थानों पर तलाशी ली।
रियास ने संवाददाताओं से कहा कि तलाशी के दौरान एजेंसी को कुछ भी अवैध नहीं मिला, लेकिन वीणा, खुद उनके और पार्टी के बारे में संदेह उत्पन्न करने के लिए ‘‘झूठी खबरें’’ फैलाई गईं।
उन्होंने वीणा द्वारा नई कंपनी शुरू किए जाने की खबरों को भी गलत बताया और कहा कि उसका नाम उनके विधानसभा चुनाव के नामांकन पत्र में दर्ज था तथा यह इकाई गुप्त रूप से काम नहीं कर रही थी।
पूर्व मंत्री ने यह भी कहा कि उनकी पत्नी उच्च शिक्षित और स्वतंत्र महिला हैं तथा उन्हें कारोबार करने से नहीं रोका जा सकता।
उन्होंने कहा, ‘‘हम इस मामले और इसके संबंध में फैलाई जा रही झूठी खबरों से राजनीतिक और कानूनी, दोनों स्तर पर निपटेंगे।’’
रियास ने कहा कि उनके करीबी पारिवारिक मित्रों से जुड़े परिसरों पर तलाशी ली गई, जिन्हें वह कॉलेज के दिनों या उससे पहले से जानते हैं और जो विभिन्न प्रकार के कारोबार उचित एवं कानूनी तरीके से कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘ईडी की कार्रवाई के तहत उनसे पूरे दिन पूछताछ की गई। इस तरह की कार्रवाइयां उनके साथ मेरे संबंध और जुड़ाव को खत्म नहीं कर सकतीं। समाज के सभी वर्गों के लोगों से मेरे संबंध हैं और ऐसी कार्रवाइयों से वे प्रभावित नहीं होंगे।’’
रियास ने यह भी कहा कि इस तरह की कार्रवाइयां उन्हें डराती नहीं हैं और वह ‘‘उन लोगों की तरह भागेंगे नहीं, जो कांग्रेस के चुनाव चिह्न पर जीतकर ईडी के डर से भाजपा में शामिल हो गए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं भाजपा और उसकी राजनीति का विरोध करता रहा हूं और मरते दम तक करता रहूंगा। वे हमारे खिलाफ किसी भी तरह की जांच कर सकते हैं। हमें किसी बात का डर नहीं है। हमने कुछ भी गलत नहीं किया है। हम इसका कानूनी और राजनीतिक, दोनों तरह से सामना करेंगे।’’
गोविंदन ने भी इसी तरह का रुख अपनाते हुए कहा कि रियास के करीबी लोगों के यहां छापेमारी कर ईडी और मीडिया का एक वर्ग पार्टी की छवि खराब करने की कोशिश कर रहा है।
उन्होंने तिरुवनंतपुरम में संवाददाताओं से कहा कि निराधार बातों को सच के तौर पर पेश किया जा रहा है और इनसे राजनीतिक तथा कानूनी तौर पर निपटा जाएगा।
उन्होंने इस मामले में राज्य सरकार पर केंद्र के साथ मिलीभगत का भी आरोप लगाया।
भाषा
राखी पवनेश
पवनेश

Facebook


