दक्षिणपश्चिम बंगाल की खाड़ी में निम्न दाब क्षेत्र बनने से ओडिशा में अगले छह दिनों तक बारिश: आईएमडी

Ads

दक्षिणपश्चिम बंगाल की खाड़ी में निम्न दाब क्षेत्र बनने से ओडिशा में अगले छह दिनों तक बारिश: आईएमडी

  •  
  • Publish Date - May 11, 2026 / 03:23 PM IST,
    Updated On - May 11, 2026 / 03:23 PM IST

भुवनेश्वर, 11 मई (भाषा) श्रीलंका के उत्तरी तट के पास दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर सोमवार को बना निम्न दाब क्षेत्र अगले 48 घंटे में और तीव्र हो सकता है, जिसके चलते अगले छह दिनों तक ओडिशा के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।

आईएमडी ने अपने सुबह की बुलेटिन में बताया कि यह प्रणाली मन्नार की खाड़ी और उससे सटे श्रीलंका के ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से बनी है।

उसने कहा, ‘आज सुबह 5:30 बजे, उत्तरी श्रीलंका के तट से थोड़ी दूर, दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक निम्न दाब क्षेत्र बन गया, जिससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैल गया है।’

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों में इस प्रणाली के और अधिक तीव्र होने की उम्मीद है।

आईएमडी के भुवनेश्वर केंद्र के अनुसार, 21 जिलों में गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

मयूरभंज जिले के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ सहित 20 अन्य जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।

भाषा अमित

अमित