बीआरएस के पूर्व विधायक पेड्डी सुदर्शन रेड्डी का निधन

बीआरएस के पूर्व विधायक पेड्डी सुदर्शन रेड्डी का निधन

बीआरएस के पूर्व विधायक पेड्डी सुदर्शन रेड्डी का निधन
Modified Date: July 31, 2026 / 12:38 pm IST
Published Date: July 31, 2026 12:38 pm IST

हैदराबाद, 31 जुलाई (भाषा) भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के पूर्व विधायक पेड्डी सुदर्शन रेड्डी का शुक्रवार को निधन हो गया। वह 52 वर्ष के थे। पार्टी के सूत्रों ने यह जानकारी दी।

गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के कारण उन्हें चार दिन पहले हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

रेड्डी ने 2018 से 2023 तक नरसमपेट विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। 26 जुलाई की सुबह उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें वारंगल के निकट हनमकोंडा स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया था।

डॉक्टरों ने उनका फेफड़ों में रक्त का थक्का जमने का इलाज किया और सीपीआर देकर उन्हें बचाने का प्रयास किया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

बीआरएस अध्यक्ष के. चंद्रशेखर राव और पार्टी के अन्य नेताओं ने अस्पताल जाकर उनका हालचाल लिया था।

बीआरएस ने कहा कि डॉक्टरों के हरसंभव प्रयास के बावजूद शुक्रवार तड़के उनका निधन हो गया।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव, बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष के. टी. रामाराव सहित कई नेताओं ने सुदर्शन रेड्डी के निधन पर शोक व्यक्त किया।

भाषा गोला रंजन

रंजन


लेखक के बारे में