ओडिशा में लांजीगढ़ के पूर्व विधायक सिबाजी माझी का निधन
ओडिशा में लांजीगढ़ के पूर्व विधायक सिबाजी माझी का निधन
भुवनेश्वर, 19 अगस्त (भाषा) कांग्रेस के पूर्व विधायक सिबाजी माझी का मंगलवार रात ओडिशा के कालाहांडी जिले स्थित उनके पैतृक गांव दानारगुडा में संक्षिप्त बीमारी के बाद निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
वह 55 वर्ष के थे।
परिवार के अनुसार, माझी कुछ समय से सीने में दर्द से पीड़ित थे और उन्हें भवानीपटना के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में इलाज के लिए उन्हें भुवनेश्वर के एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित किया गया।
अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद वह अपने गांव लौट आए थे, जहां मंगलवार रात उनका निधन हो गया।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।
माझी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘लांजीगढ़ के पूर्व विधायक सिबाजी माझी के निधन की खबर सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ है। मैं शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं और प्रभु श्री जगन्नाथ से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं। ओम शांति।’
माझी लांजीगढ़ विधानसभा क्षेत्र के पहले विधायक थे। यह निर्वाचन क्षेत्र 2009 के चुनाव से पहले बनाया गया था। उन्होंने 2009 से 2014 तक कांग्रेस विधायक के रूप में इसका प्रतिनिधित्व किया।
उन्होंने आदिवासी समुदायों के विकास और कल्याण के लिए काम किया तथा कालाहांडी जिले में विशेष अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति परिषद के पहले अध्यक्ष बने।
भाषा प्रचेता मनीषा
मनीषा

Facebook


