कर्नाटक: विपक्ष ने मंत्री नागेंद्र को हटाने की मांग को लेकर विधानसभा की कार्यवाही में बाधा डाली
कर्नाटक: विपक्ष ने मंत्री नागेंद्र को हटाने की मांग को लेकर विधानसभा की कार्यवाही में बाधा डाली
बेंगलुरु, 19 अगस्त (भाषा) कर्नाटक विधानसभा में बुधवार को लगातार तीसरे दिन कार्यवाही बाधित रही। विपक्ष ने राज्य के एक निगम में करोड़ों रुपये के कथित गबन के मामले में आरोपों का सामना कर रहे मंत्री बी. नागेंद्र को मंत्रिमंडल से हटाने की मांग को लेकर सदन में विरोध प्रदर्शन किया।
भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री बी. सी. नागेश को श्रद्धांजलि दिए जाने के तुरंत बाद विपक्षी भाजपा और जद(एस) ने यह मुद्दा उठाया और नागेंद्र को तत्काल मंत्रिमंडल से हटाने की मांग की। नागेश का मंगलवार को निधन हो गया था।
विपक्ष के विरोध और नारेबाजी के बीच उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर ने नागेंद्र को मंत्रिमंडल में बनाए रखने के सरकार के फैसले का बचाव करते हुए बयान दिया।
उन्होंने इस मुद्दे को लेकर विपक्ष के विरोध की आलोचना भी की।
नारेबाजी और हंगामे के बीच परमेश्वर द्वारा बयान पढ़े जाने के बाद विधानसभा अध्यक्ष जी. एस. पाटिल ने सदन की कार्यवाही भोजनावकाश तक के लिए स्थगित कर दी।
विपक्षी दल पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि यदि मंत्री को बर्खास्त नहीं किया गया तो वे मानसून सत्र की कार्यवाही नहीं चलने देंगे।
उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने मंगलवार को नागेंद्र के इस्तीफे की विपक्ष की मांग को खारिज कर दिया और इस मुद्दे पर उनके विरोध-प्रदर्शन व विधानसभा की कार्यवाही में बाधा डालने को राजनीतिक अस्तित्व बचाने के लिए किया गया ‘नाटक’ करार दिया।
उन्होंने नागेंद्र को मंत्रिमंडल में फिर से शामिल करने के फैसले का बचाव करते हुए कहा था कि कथित घोटाले में उनकी कोई संलिप्तता नहीं है।
कर्नाटक महर्षि वाल्मीकि अनुसूचित जनजाति विकास निगम में पैसे के गबन के आरोपों के बाद सिद्धरमैया के नेतृत्व वाली पिछली कैबिनेट से इस्तीफा देने वाले नागेंद्र को तीन अगस्त को शिवकुमार के नेतृत्व वाली मंत्रिपरिषद में शामिल किया गया। वे अभी योजना और सांख्यिकी विभाग संभाल रहे हैं।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने वाल्मीकि निगम घोटाला मामले में जुलाई 2024 में बल्लारी के विधायक को गिरफ्तार किया था। बेंगलुरु की विशेष अदालत ने उसी वर्ष अक्टूबर में उन्हें जमानत दे दी थी।
इस मामले में ईडी और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा दाखिल आरोपपत्र में नागेंद्र का नाम शामिल है।
भाषा
शुभम संतोष
संतोष

Facebook


