नगालैंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष थेरी ने पार्टी छोड़ी

Ads

नगालैंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष थेरी ने पार्टी छोड़ी

  •  
  • Publish Date - April 2, 2026 / 09:19 PM IST,
    Updated On - April 2, 2026 / 09:19 PM IST

कोहिमा, दो अप्रैल (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के थेरी ने बृहस्पतिवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) पर “विश्वासघात” और पार्टी की नगालैंड इकाई के मामलों में असंवैधानिक हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया।

नगालैंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एनपीसीसी) के पूर्व अध्यक्ष और राज्य सरकार में मंत्री रहे थेरी ने प्रदेश प्रभारी और सांसद सप्तगिरि शंकर उलका के माध्यम से एआईसीसी अध्यक्ष को अपना इस्तीफा सौंप दिया।

थेरी ने कहा कि उन्होंने यह कदम एआईसीसी के कांग्रेस और एनपीसीसी के बीच हुए 10 सूत्री कार्यप्रणाली समझौते से “पीछे हटने” के कारण उठाया है।

उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 371ए की भावना पर आधारित यह समझौता नगालैंड से जुड़े मामलों के प्रबंधन में एनपीसीसी के लिए स्वायत्तता सुनिश्चित करता है, इस सिद्धांत के साथ कि राज्य इकाई “मुद्दों के मामले में क्षेत्रीय और दृष्टिकोण के मामले में राष्ट्रीय” रुख अपनाएगी।

संगठन सृजन अभियान पर आपत्ति जताते हुए थेरी ने दावा किया कि इससे एनपीसीसी के अधिकार को कमजोर किया जा रहा है।

थेरी ने नगालैंड के प्रभारी एआईसीसी पदाधिकारियों के खिलाफ चुनाव निधि के गबन के आरोप भी लगाए। उन्होंने दावा किया कि दोषी पाए गए लोगों को “बचाया” गया, जबकि विरोध करने वालों को दंडित किया गया।

इस घटनाक्रम पर एआईसीसी की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

एनपीसीसी अध्यक्ष और लोकसभा सदस्य एस सुपोंगमेरेन जामिर ने कहा कि उन्हें अभी तक थेरी का इस्तीफा नहीं मिला है।

भाषा

शुभम पारुल

पारुल