पुणे के बाल संरक्षण अधिकारी ने हनी सिंह के ‘अश्लील’गानों को लेकर पुलिस आयुक्त को लिखा पत्र

Ads

पुणे के बाल संरक्षण अधिकारी ने हनी सिंह के ‘अश्लील’गानों को लेकर पुलिस आयुक्त को लिखा पत्र

  •  
  • Publish Date - April 3, 2026 / 12:40 AM IST,
    Updated On - April 3, 2026 / 12:40 AM IST

पुणे, दो अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के पुणे जिले के बाल संरक्षण अधिकारी मंगेश जाधव ने बृहस्पतिवार को पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार को पत्र लिखकर यो यो हनी सिंह के गानों के बारे में चिंता व्यक्त की और आरोप लगाया कि ये गाने ‘शराब, मादक पदार्थ और बंदूक संस्कृति का महिमामंडन करते हैं’।

जाधव ने पत्र में पुलिस विभाग से यह सुनिश्चित करने का अनुरोध किया कि हनी सिंह के कार्यक्रम में गाये जाने वाले गाने ‘उचित, सामाजिक रूप से जिम्मेदार और बाल संरक्षण सिद्धांतों व वैधानिक सुरक्षा उपायों के अनुरूप’ हों।

चंडीगढ़ के रहने वाले डॉ. पंडितराव धारेनावर द्वारा महाराष्ट्र महिला एवं बाल विकास विभाग को सौंपी गई शिकायत के बाद यह पत्र लिखा गया।

जाधव ने पत्र में कहा, “हनी सिंह के गाने जैसे ‘वन बॉटल डाउन’, ‘चार बोतल वोडका’, ‘मनाली ट्रान्स’, ‘दिस पार्टी गेटिंग हॉट’, ‘मखना’, ‘गोलियां’, ‘मिलियनेयर’ शराब, मादक पदार्थ और बंदूक संस्कृति का महिमामंडन करते हैं।”

उन्होंने कहा, “हनी सिंह के संगीत समारोह में नाबालिगों (18 वर्ष से कम उम्र के) को अनुमति है। अगर वह (हनी सिंह) ऐसे गाने गाते हैं, तो बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है।”

भाषा शुभम जितेंद्र

जितेंद्र