जम्मू-कश्मीर के रियासी में दुकानदार से मारपीट, चार गिरफ्तार

Ads

जम्मू-कश्मीर के रियासी में दुकानदार से मारपीट, चार गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - September 9, 2026 / 01:05 PM IST,
    Updated On - September 9, 2026 / 01:05 PM IST

जम्मू, नौ सितंबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में चार लोगों ने कथित तौर पर लाठियों से एक दुकानदार की पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनमें से तीन को बुधवार को पंजाब के जालंधर से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि रविवार को आरोपियों ने एक पेट्रोल पंप के पास भांबला इलाके में स्थित सचिन पुरी की दुकान में जबरन घुसकर लाठियों से उन पर हमला कर दिया। इसके बाद वे उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।

उन्होंने बताया कि पुरी गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने बताया कि पौनी पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिसमें धारा 109 (हत्या का प्रयास) भी शामिल है।

उन्होंने बताया कि आरोपियों में से एक, रियासी के राह सलयोटे निवासी कार्तिक उप्पल को घटना के कुछ ही समय बाद गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि बाकी तीन आरोपी जम्मू-कश्मीर से बाहर निकलने में कामयाब रहे।

पुलिस ने बताया कि घटना को गंभीरता से लेते हुए रियासी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने फरार आरोपियों का पता लगाने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने कई स्थानों पर छापेमारी की और आरोपियों को पकड़ने के लिए तकनीकी निगरानी तथा मानव खुफिया तंत्र की मदद ली।

उन्होंने बताया कि तीनों आरोपियों शुभम शर्मा, मोहित शर्मा और अनमोल सूदन को बुधवार को पंजाब के जालंधर से गिरफ्तार किया गया।

भाषा तान्या वैभव

वैभव