बेंगलुरु में छात्र के अपहरण के आरोप में चार लोग गिरफ्तार; फिरौती वसूलने की कोशिश नाकाम
बेंगलुरु में छात्र के अपहरण के आरोप में चार लोग गिरफ्तार; फिरौती वसूलने की कोशिश नाकाम
बेंगलुरु, 13 अप्रैल (भाषा) बेंगलुरु के एक कॉलेज के पूर्व और वरिष्ठ छात्रों समेत चार लोगों को 19 वर्षीय युवक का उसके छात्रावास से कथित तौर पर अपहरण करने और बाद में उसकी रिहाई के बदले 50,000 रुपये की फिरौती मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पीड़ित बीबीएम प्रथम वर्ष का छात्र है। उसे आरोपियों ने 11 अप्रैल को शाम लगभग 7.50 बजे बीटीएम लेआउट स्थित उसके छात्रावास के पास से अगवा कर लिया था।
हालांकि, पुलिस ने बताया कि मडीवाला पुलिस ने चार घंटे के भीतर ही कार्रवाई करते हुए अपहृत छात्र को बचा लिया, जो ओडिशा का मूल निवासी है।
गिरफ्तार किए गए लोगों में से दो उसी कॉलेज के पूर्व छात्र थे, जबकि शेष दो वहीं के वर्तमान वरिष्ठ छात्र हैं।
यह मामला 11 अप्रैल की रात को तब सामने आया जब एक विद्यार्थी से सूचना मिली कि बीटीएम लेआउट में कॉलेज छात्रावास के पास एक छात्र का अपहरण कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले में जांच जारी है।
भाषा आशीष माधव
माधव

Facebook


