चाईबासा, तीन अगस्त (भाषा) झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम ज़िले में पुरानी रंजिश के कारण एक आदिवासी दंपति की हत्या के आरोप में सोमवार को चार लोगों को गिरफ़्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
गंडकिडा गांव के डोंका सिंकू (44) और उनकी पत्नी गोरवारी सिंकू (42) के शव शुक्रवार को एक नाले से बरामद किए गए।
उप-संभागीय पुलिस पदाधिकारी (जगन्नाथपुर) राफेल मुर्मू ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात दंपति की हत्या कर दी गई थी और पीड़ितों की बहू शीला सिंकू की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया।
प्रारंभिक जांच से पता चला कि हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से सिर पर वार किया था।
मुर्मू ने बताया कि विस्तृत जांच के बाद, उसी गांव के रहने वाले विजय गगराई (22), गिरधारी कोंडाकोल (28), चंद्रमोहन पुर्ती (25) और पांडु कोंडाकोल को गिरफ़्तार किया गया।
आरोपियों से पूछताछ के बाद पीड़ितों के खून से सने कपड़े, लाठियां और अपराध में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी बरामद की गई।
भाषा
राखी अविनाश
अविनाश