दार्जिलिंग के होमस्टे में नवविवाहिता के झुलसने के मामले में चार गिरफ्तार
दार्जिलिंग के होमस्टे में नवविवाहिता के झुलसने के मामले में चार गिरफ्तार
कोलकाता, 19 सितंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले के एक होमस्टे में अंगीठी तैयार करने के दौरान एक युवा महिला पर्यटक के गंभीर रूप से झुलसने के मामले में पुलिस ने शनिवार को चार लोगों को गिरफ्तार किया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में होमस्टे का मालिक, एक कर्मचारी और वह व्यक्ति शामिल है, जिसने कथित तौर पर अंगीठी पर केरोसिन डाल दिया था, जिसके बाद आग भड़क गई।
निकिता साहा नामक महिला अंगीठी तैयार किए जाने के दौरान अचानक आग की चपेट में आने से 60 प्रतिशत तक झुलस गई। उसे बचाने की कोशिश में झुलसे उसके पति को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘हमने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी की भूमिका की जांच की जा रही है।’
यह घटना कुरसियांग थाना क्षेत्र के सिटोंग इलाके में स्थित होमस्टे में हुई। उत्तर दिनाजपुर जिले के चोपड़ा निवासी यह दंपति हनीमून के लिए पहाड़ों पर आया था।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने जांच के तहत होमस्टे से सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिया है। उन्होंने बताया कि फुटेज में कथित तौर पर एक व्यक्ति को अंगीठी पर कोई तरल पदार्थ डालते हुए देखा गया है, जिसके बाद अचानक आग की लपटें तेज हो गईं और महिला उसकी चपेट में आ गई।
दार्जिलिंग के पुलिस अधीक्षक येलवध श्रीकांत जगन्नाथराव ने कहा, ‘मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।’
पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि घायल महिला का सिलीगुड़ी के एक निजी अस्पताल में उपचार किया जा रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
महिला के परिजनों की ओर से कुरसियांग थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद ये गिरफ्तारियां की गईं। परिजनों ने होमस्टे में लापरवाही और पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने का आरोप लगाया है।
घटना के सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि अंगीठी पर कोई तरल पदार्थ डाले जाने के बाद आग तेजी से फैली, जिससे निकिता उसकी चपेट में आ गई।
निकिता के पति ने आरोप लगाया कि अंगीठी पर तारपीन का तेल डाले जाने के बाद आग लगी।
हालांकि, होमस्टे मालिक निहाल अयान ने कथित तौर पर एक कर्मचारी की लापरवाही स्वीकार करते हुए कहा कि खाना पकाने के तेल की जगह केरोसिन डाल दिया गया था।
परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए थे और घटना के बाद होमस्टे प्रबंधन ने पर्याप्त मदद नहीं दी।
भाषा
शुभम माधव
माधव

Facebook


