कोलकाता, 25 अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल में दक्षिण 24 परगना जिले के बरुईपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक कार्यकर्ता की हत्या के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि उत्तरी तागर बारिया में दुर्गा पूजा समिति के गठन को लेकर दो समूहों के बीच विवाद के चलते रविवार को यह घटना हुई।
पुलिस के अनुसार भाजपा कार्यकर्ता बापी प्रमाणिक को गंभीर रूप से घायल अवस्था में तत्काल बरुईपुर उपमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एक अधिकारी ने बताया, ‘‘जब झगड़ा शुरू हुआ, तो प्रमाणिक की पत्नी मौके पर मौजूद थीं। उनके परिवार की शिकायत के अनुसार, उन पर उनकी पत्नी के सामने ही धारदार हथियारों से हमला किया गया।’’
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान सुजान मंडल, कृष्णा मंडल, कनक मंडल और अनिल नया के तौर पर हुई है।
सुजान पहले भाजपा का मंडल अध्यक्ष था लेकिन पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते उसे निलंबित कर दिया गया था।
अधिकारी ने कहा, ‘‘प्रमाणिक के परिवार की शिकायत के आधार पर, पुलिस ने शुरू में तीन लोगों को हिरासत में लिया और उनसे पूछताछ की। पूछताछ के दौरान (सुजान) मंडल का नाम सामने आया और बाद में उसे अन्य तीन आरोपियों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जांचकर्ता अब यह पता लगा रहे हैं कि क्या इस घटना में कोई और भी शामिल था।’’
भाषा
राजकुमार रंजन
रंजन