जयपुर में ट्रक ने सड़क किनारे खड़े चार लोगों को कुचला, सभी की मौत

Ads

जयपुर में ट्रक ने सड़क किनारे खड़े चार लोगों को कुचला, सभी की मौत

  •  
  • Publish Date - October 15, 2024 / 04:53 PM IST,
    Updated On - October 15, 2024 / 04:53 PM IST

जयपुर, 15 अक्टूबर (भाषा) जयपुर के मुरलीपुरा इलाके में एक ट्रक ने सड़क किनारे खड़े चार लोगों को कुचल दिया जिससे सभी की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

दुर्घटना पुलिस थाना (पश्चिम) के थानाधिकारी जयदेव सिंह ने बताया कि यह हादसा सोमवार देर रात हुआ जब चार लोग काम के बाद अपने घर जाने के लिए मुरलीपुरा इलाके में 200 फुट बाईपास पर खड़े थे तभी एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।

उन्होंने बताया कि मृतकों में लालचंद बुनकर (55), जगदीश प्रसाद गुर्जर (45), शंकर लाल गुर्जर (48) शामिल हैं ये सभी चंदवाजी इलाके के रहने वाले थे। चौथे मृतक की अभी पहचान नहीं हो पाई है।

उन्होंने बताया कि चारों मुरलीपुरा में ट्रकों में माल चढ़ाने-उतारने का काम करते थे।

सिंह ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया जिसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

भाषा पृथ्वी खारी

खारी