बिहार के पूर्वी चंपारण में टेंपो एवं एक अन्य वाहन की भिड़ंत में चार लोगों की मौत, चार घायल
बिहार के पूर्वी चंपारण में टेंपो एवं एक अन्य वाहन की भिड़ंत में चार लोगों की मौत, चार घायल
मोतिहारी, 24 जून (भाषा) बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में बुधवार को एक टेंपो और अन्य वाहन की भिडंत में दो महिलाओं एवं सात वर्षीय एक बच्चे समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना पूर्वाह्न करीब 12:30 बजे सुगौली थाना क्षेत्र में छपवा-बेतिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर फुलवरिया नयका टोला के समीप हुई।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया नगर की आयशा खातून (22), रूबीना खातून (28) और उनके सात वर्षीय पुत्र जायद खान के रूप में हुई है।
उसने कहा कि इस हादसे में टेंपो चालक भैरव रावत (32) की भी जान चली गयी जो सुगौली थाना क्षेत्र के छगराहा गांव का निवासी था।
थानाध्यक्ष अवनीश कुमार ने इस दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया, ‘‘टेंपो यात्रियों को लेकर मोतिहारी से बेतिया जा रहा था, जबकि अन्य वाहन विपरीत दिशा से आ रहा था। फुलवरिया नयका टोला के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने की टक्कर हो गई, जिससे चार लोगों की मौत हो गई।’’
उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल ले जाया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिन्हें पहले स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) ले जाया गया और फिर वहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए पश्चिम चंपारण के बेतिया स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) ले जाया गया।
भाषा सं कैलाश
राजकुमार
राजकुमार

Facebook


