जम्मू, चार जुलाई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के राजौरी और किश्तवाड़ जिलों में दो सड़क हादसों में एक विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ), उनकी बहन तथा दो अन्य लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, एसपीओ शुभम कुमार अपनी बहन रेनू चौधरी के साथ कार से यात्रा कर रहे थे। शुक्रवार को जम्मू-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बागनोटी के पास उनकी कार की एक बस से टक्कर हो गई थी।
उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में रेनू चौधरी के पति राकेश कुमार और उनकी बेटी स्वाति चौधरी भी गंभीर रूप से घायल हो गई, दोनों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
एक अन्य घटना में, शुक्रवार को किश्तवाड़ जिले के गुलाबगढ़ क्षेत्र में एक मालवाहक वाहन गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में एक व्यक्ति और उसके बेटे की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए।
मृतकों की पहचान अनुरुद्ध सिंह और उनके बेटे दीपक कुमार के रूप में हुई है। वहीं, घायल सपूत सिंह और रविंदर सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भाषा शोभना रंजन
रंजन