मणिपुर में यूएनएलएफ (पी) के चार उग्रवादी गिरफ्तार, 60 से अधिक हथियार बरामद

Ads

मणिपुर में यूएनएलएफ (पी) के चार उग्रवादी गिरफ्तार, 60 से अधिक हथियार बरामद

  •  
  • Publish Date - May 21, 2026 / 05:59 PM IST,
    Updated On - May 21, 2026 / 05:59 PM IST

इंफाल, 21 मई (भाषा) मणिपुर के इंफाल पश्चिम जिले में प्रतिबंधित संगठन यूएनएलएफ (पाम्बेई) के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने उनके पास से असॉल्ट राइफल और आरपीजी लॉन्चर सहित 60 से अधिक हथियार बरामद किए।

पुलिस अधीक्षक शिवकांत सिंह ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि पुलिस को बुधवार को खुफिया सूचना मिली थी कि सुरक्षा बलों से लूटे गए हथियारों को बिक्री के लिए लामदेंग क्षेत्र में लाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर मणिपुर पुलिस की विशेष टीम ने लामदेंग स्थित यूएनएलएफ (पी) के एक शिविर की घेराबंदी कर तलाश अभियान चलाया, जिस दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।

सिंह ने बताया, ‘‘अभियान के दौरान एके श्रृंखला की राइफल, एम-श्रृंखला की राइफल, पिस्तौल और गोला-बारूद सहित 29 हथियार बरामद किए गए।’’

उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के सहयोगियों ने पुलिस दल पर गोलीबारी की, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। बाद में संगठन के दो अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद मणिपुर पुलिस, असम राइफल्स और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की संयुक्त टीमों ने शिविर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया, जिसमें और 38 हथियार बरामद किए गए।

बरामद हथियारों में 11 एके-श्रृंखला राइफल, तीन एम-श्रृंखला राइफल, एक स्नाइपर राइफल, एक कार्बाइन, एक आरपीजी लॉन्चर, ड्रोन रोधी जैमर और विस्फोटक शामिल हैं।

यूएनएलएफ (पी) ने वर्ष 2023 में केंद्र सरकार के साथ शांति समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। लेकिन, संगठन के सदस्य हथियारों की तस्करी और अन्य असामाजिक गतिविधियों के आरोपों में लगातार गिरफ्तार किए जाते रहे हैं।

भाषा मनीषा सुभाष

सुभाष