नयी दिल्ली, 21 जुलाई (भाषा) कांग्रेस नेता शशि थरूर ने मंगलवार को छात्र प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज और प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरने के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को ‘‘जबरन घसीटकर ले जाने’’ को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा।
थरूर ने कहा कि सरकार पुलिस की ‘बर्बर’ कार्रवाई की आड़ में अपनी जवाबदेही से नहीं बच सकती है।
कांग्रेस नेता ने जंतर-मंतर के दौरे के दौरान ये बातें कहीं, जहां कई छात्र नीट प्रश्नपत्र लीक के मुद्दे पर विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कई छात्रों से बातचीत भी की और उनके प्रति अपना समर्थन जताया।
थरूर ने ‘पीटीआई वीडियो’से कहा, ‘‘विपक्ष के नेता को ज़बरदस्ती खींचकर ले जाना और दूसरे सांसदों के साथ हिरासत में रखना, ऐसी घटना है जिसने हमारे देश में हर किसी का दिल और अंतर आत्मा झकझोर दिया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ मैं यहां विरोध कर रहे छात्रों के साथ एकजुटता दिखाना चाहता था, इसलिए उनसे मिलने आया हूं। मुझे लगता है कि विरोध करना लोकतांत्रिक अधिकार है। यह एक अहिंसक विरोध है। कोई भी कानून के खिलाफ कुछ करने की कोशिश नहीं कर रहा है। इसलिए मुझे समझ नहीं आ रहा कि सरकार इतनी असंवेदनशीलता से क्यों पेश आ रही है।’’
भाषा धीरज रंजन
रंजन