जयपुर में पत्नी और तीन बेटियों की हत्या के बाद फरार आरोपी रींगस से गिरफ्तार

Ads

जयपुर में पत्नी और तीन बेटियों की हत्या के बाद फरार आरोपी रींगस से गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - September 14, 2026 / 12:51 PM IST,
    Updated On - September 14, 2026 / 12:51 PM IST

जयपुर, 14 सितंबर (भाषा) राजस्थान की राजधानी जयपुर में पत्नी और तीन बेटियों की हत्या करने के बाद फरार राहुल झा को पुलिस ने सीकर जिले के रींगस इलाके से गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि शुक्रवार सुबह करधनी थाना क्षेत्र के गोविंद वाटिका में हत्या करने के बाद राहुल ई-रिक्शा से जयपुर के तीन मंदिरों में गया।

अधिकारियों ने कहा, ‘‘इसके बाद वह बस से खाटूश्यामजी के दर्शन करने पहुंचा। दर्शन के बाद उसने एक होटल में कमरा लिया। उसके पास होटल का खर्च चुकाने के लिए रुपये नहीं थे, इसलिए उसने अपनी अंगूठी बेचने की कोशिश की, लेकिन होटल संचालक ने इससे इनकार कर दिया।’’

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद राहुल रींगस पहुंचा। पुलिस की विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सूचनाओं के आधार पर उसका पीछा किया।

उन्होंने बताया कि बाद में टीम ने उसे एक होटल के पास से रविवार शाम गिरफ्तार कर लिया।

अधिकारियों ने दावा किया, ‘‘राहुल ने अपनी पत्नी गीता झा (40) और बेटियों नंदिनी (22), राधिका (17) तथा गिरीशा उर्फ गौरी (14) की हत्या करने की बात स्वीकार की है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘प्रारंभिक पूछताछ में राहुल ने बताया कि वह अपनी बड़ी बेटी नंदिनी से नाराज था और उसे लेकर उसके मन में शक था। हाल में नंदिनी एक अनजान युवक के साथ कांवड़ लेकर आई थी।’’

पुलिस ने बताया कि राहुल की अक्सर किसी न किसी बात को लेकर बेटियों से अनबन रहती थी।

भाषा बाकोलिया मनीषा खारी

खारी