नयी दिल्ली, छह फरवरी (भाषा) कांग्रेस ने शुक्रवार को भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम की विश्व कप जीत की सराहना की और पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि अविश्वसनीय टीम वर्क ने एक नया स्वर्णिम मानक स्थापित किया है और भारतीय क्रिकेट का भविष्य सुरक्षित हाथों में है।
वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 विश्व कप के इतिहास में संभवतः सबसे शानदार पारी खेलकर भारत को शुक्रवार को हरारे में खेले गए फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड को 100 रनों से हराकर रिकॉर्ड छठी बार खिताब जीतने में अहम भूमिका निभाई।
सूर्यवंशी की शानदार पारी के बाद बुरी तरह से पस्त इंग्लैंड की पारी 40.2 ओवरों में 311 रनों पर समाप्त हो गई, जबकि उन्हें 412 रनों का लक्ष्य मिला था।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अंडर-19 पुरुष टीम को विश्व कप में मिली शानदार जीत पर बधाई दी।
राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘आपका संयम, निडरता और दृढ़ संकल्प ही आज के जनरेशन जेड का प्रतिनिधित्व करते हैं। यह छठा अंडर-19 विश्व कप खिताब भारतीय क्रिकेट के भविष्य का गौरवपूर्ण प्रमाण है। शानदार प्रदर्शन, चैंपियन।’
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘युवा पीढ़ी की प्रतिभा को विश्व मंच पर दबदबा बनाते देखना हमेशा रोमांचकारी होता है! भारतीय अंडर-19 पुरुष क्रिकेट टीम को अभूतपूर्व छठी बार विश्व कप खिताब जीतने पर हार्दिक बधाई।’
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने भी भारतीय टीम की जीत की सराहना की।
उन्होंने हिंदी में ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, “भारतीय क्रिकेट टीम ने छठी बार अंडर-19 विश्व कप जीतकर इतिहास रच दिया है। भारतीय टीम के सभी युवा खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रशंसकों को हार्दिक बधाई। पूरा देश हमारे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों पर गर्व करता है। जय हिंद।”
भाषा तान्या प्रशांत
प्रशांत