गायकवाड़ ने भारत ‘ए’ को दक्षिण अफ्रीका ‘ए’ पर चार विकेट से जीत दिलाई

Ads

गायकवाड़ ने भारत ‘ए’ को दक्षिण अफ्रीका ‘ए’ पर चार विकेट से जीत दिलाई

  •  
  • Publish Date - November 13, 2025 / 10:15 PM IST,
    Updated On - November 13, 2025 / 10:15 PM IST

राजकोट, 13 नवंबर (भाषा) रुतुराज गायकवाड़ की 129 गेंद में खेली गई 117 रन की शानदार शतकीय पारी की मदद से भारत ‘ए’ ने बृहस्पतिवार को पहले अनौपचारिक वनडे में दक्षिण अफ्रीका ‘ए’ के 286 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए चार विकेट से आसान जीत दर्ज की।

वनडे और टी20 दोनों प्रारूपों की भारतीय टीम से बाहर चल रहे गायकवाड़ ने अपने दमदार प्रदर्शन से लक्ष्य का पीछा करने में अहम भूमिका निभाई। दक्षिण अफ्रीका ‘ए’ ने 12वें ओवर में 53 रन पर आधी टीम गंवाने के बाद नौ विकेट पर 285 रन बनाकर शानदार प्रदर्शन किया।

वनडे टीम में जगह बनाने की कोशिश में जुटे बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने सलामी बल्लेबाज रुबिन हरमन और रिवाल्डो मूनसामी को आउट करके भारत ‘ए’ को शानदार शुरुआत दिलाई।

प्रसिद्ध कृष्णा ने दक्षिण अफ्रीका ‘ए’ के कप्तान मार्केस एकरमैन को आउट कर विरोधी टीम को और ज्यादा परेशान किया।

हालांकि निचले क्रम ने दक्षिण अफ्रीका ‘ए’ के लिए अच्छा प्रदर्शन किया जिसमें डियान फॉरेस्टर (77), डेलानो पोटगीटर (90) और ब्योर्न फोर्टुइन (59) के अर्धशतक शामिल रहे।

पर लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के लिए गायकवाड़ और अभिषेक शर्मा (25 गेंद में 31 रन) ने पहले विकेट के लिए 64 रन जोड़े।

रियान पराग (08) और कप्तान तिलक वर्मा (39) कुछ खास प्रभाव नहीं छोड़ पाए, लेकिन नीतीश कुमार रेड्डी (26 गेंद में 37 रन) और निशांत सिंधु (26 गेंद में नाबाद 29) ने 49.3 ओवर में टीम को जीत तक पहुंचाया।

भारत ‘ए’ ने गायकवाड़ और ईशान किशन के विकेट जल्दी-जल्दी गंवा दिए, लेकिन रेड्डी और सिंधु ने सुनिश्चित किया कि आगे कोई और परेशानी नहीं हो।

रेड्डी को ‘ए’ श्रृंखला में हिस्सा लेने के लिए बुधवार को भारतीय टेस्ट टीम से रिलीज कर दिया गया था।

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर