तेलंगाना में उत्साह और उल्लास के साथ गणेश चतुर्थी उत्सव शुरू

Ads

तेलंगाना में उत्साह और उल्लास के साथ गणेश चतुर्थी उत्सव शुरू

  •  
  • Publish Date - September 14, 2026 / 01:34 PM IST,
    Updated On - September 14, 2026 / 01:34 PM IST

हैदराबाद, 14 सितंबर (भाषा) तेलंगाना में सोमवार को नौ दिवसीय गणेश चतुर्थी उत्सव धार्मिक उत्साह और उल्लास के साथ शुरू हुआ।

हैदराबाद समेत राज्य के सभी शहरों और गांवों में घरों, अपार्टमेंट परिसरों और सड़कों के किनारे पूजा के लिए विभिन्न आकार और स्वरूप की भगवान गणेश की लाखों प्रतिमाएं स्थापित की गईं।

शहर में रातभर हुई बूंदाबांदी के बाद हैदराबाद के लोगों ने सुहावनी सुबह का आनंद लिया और गणेश प्रतिमाओं तथा पूजा सामग्री की खरीदारी के लिए बाजारों का रुख किया।

गणेश चतुर्थी के अवसर पर श्रद्धालुओं ने मंदिरों में दर्शन किए और घरों में भी पूजा-अर्चना की। तेलंगाना और पड़ोसी आंध्र प्रदेश में इस पर्व को ‘विनायक चविथि’ के नाम से भी जाना जाता है।

राज्य में गणेश चतुर्थी का प्रमुख आकर्षण हैदराबाद के खैरताबाद स्थित पंडाल में स्थापित विशाल गणेश प्रतिमा रही। इस वर्ष खैरताबाद पंडाल में 69 फुट ऊंची प्रतिमा स्थापित की गई है।

इस प्रतिमा का नाम ‘पंच मुख संकट हारा महा गणपति’ रखा गया है, जो श्रद्धालुओं के कष्टों और बाधाओं को दूर करने की कामना का प्रतीक है।

तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने विशाल गणपति प्रतिमा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और कामना की कि भगवान गणेश सभी पर अपना आशीर्वाद बनाए रखें।

उत्सव को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सरकार और पुलिस ने सुरक्षा समेत व्यापक इंतजाम किए हैं।

नौ दिवसीय उत्सव के बाद गणेश प्रतिमाओं का जलाशयों में विसर्जन किया जाएगा। हैदराबाद में हुसैन सागर झील समेत अन्य झीलों और तालाबों में हजारों प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा।

राज्यपाल, मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी, केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी और बंदी संजय कुमार समेत सभी प्रमुख दलों के नेताओं ने गणेश चतुर्थी के अवसर पर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं।

भाषा

मनीषा

मनीषा