गुरुग्राम, 14 सितंबर (भाषा) गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर तेज रफ्तार कार ने कथित तौर पर एक स्पोर्ट्स बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार महिला सड़क पर गिर गई और बाइक कई मीटर तक घिसटती आगे चली गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, टक्कर के बाद कार सवार मौके से फरार हो गये।
उन्होंने बताया कि बाइक सवार सिया को सड़क पर गिरने से चोटें आईं। बाद में उन्होंने अपने इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर इस घटना की जानकारी साझा की।
सिया के अनुसार, वह रविवार को गोल्फ कोर्स रोड पर कुछ अन्य बाइक सवारों के साथ अपनी अप्रिलिया आरएस 457 स्पोर्ट्स बाइक चला रही थीं, तभी एक कार कथित तौर पर उनका पीछा करने लगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि कार सवार उनके पास आए और उनके साथ बदतमीजी करने लगे और जब उन्होंने उनसे दूरी बनाए रखने को कहा तो कार सवारों ने उन्हें बाइक रोकने के लिए कहा।
सिया ने यह भी आरोप लगाया कि कार सवार नशे में लग रहे थे।
उन्होंने बताया कि कुछ देर बाद कार ने ओवरटेक करते समय उनकी बाइक को साइड से टक्कर मार दी, जिससे वह गिर गईं।
घटना का वीडियो उनकी बाइक पर लगे कैमरे में कैद हो गया था, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर साझा किया गया। वीडियो में कार को बाइक को टक्कर मारते और उसे कई मीटर तक घसीटते हुए देखा जा सकता है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि बाइक सवार ने कार के बारे में भी जानकारी दी है, जो मनीष के नाम पर पंजीकृत है।
अधिकारी ने कहा, ‘वीडियो के आधार पर मामले का संज्ञान लिया गया है और जांच की जा रही है।’
भाषा मनीषा रंजन
रंजन