दिल्ली में राहगीरों को लूटने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली में राहगीरों को लूटने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार
नयी दिल्ली, नौ मई (भाषा) मध्य दिल्ली में लोगों को चाकू की नोक पर लूटने से पहले उन्हें काबू में करने के लिए गला कसने की तकनीक का इस्तेमाल करने वाले तीन कथित लुटेरों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि बुधवार को बादल उर्फ करण (25), सचिन उर्फ धोती (23) और संजय उर्फ आत्मा (25) को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि इस मामले में शामिल एक नाबालिग को पहले ही हिरासत में ले लिया गया था।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 30 अप्रैल को पुल पहाड़गंज के पास हुई, जब पीड़ित नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अपने रिश्तेदार से मिलने जा रहा था।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘आरोपी ने कथित तौर पर उसे रोका और उसकी गर्दन पकड़कर गला कसने के बाद चाकू की नोक पर उससे नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया।’
पुलिस ने बताया कि नाबालिग के खुलासे और एक सूचना के आधार पर शेष आरोपियों को शीला सिनेमा के पास से पकड़ा गया।
पूछताछ के दौरान, आरोपियों ने कथित तौर पर अपराध कबूल कर लिया और बताया कि उन्होंने लूटा हुआ मोबाइल फोन रेलवे स्टेशन के पास 2,000 रुपये में बेच दिया और इससे मिले पैसे से मादक पदार्थ खरीदा।
उन्होंने आगे बताया कि सभी आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड है और जांच जारी है।
भाषा
शुभम संतोष
संतोष
संतोष

Facebook


