नयी दिल्ली, 25 फरवरी (भाषा) जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से संबंधित एक वकील की कार पर राष्ट्रीय राजधानी के कश्मीरी गेट स्थित अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) के पास देर रात हुई गोलीबारी के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
गैंगस्टर नवीन बॉक्सर के नाम से बताए जा रहे एक पोस्ट के जरिए बॉक्सर ने हमले की कथित तौर पर जिम्मेदारी ली।
पुलिस ने बताया कि अधिवक्ता दीपक खत्री की शिकायत पर कश्मीरी गेट थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास), 3(5) (आपराधिक षड्यंत्र) और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, खत्री को पहले भी हिंसा की धमकियां मिली थीं।
मरघट वाले हनुमान मंदिर के पास मंगलवार रात करीब 10 बजकर 10 मिनट पर एक कार पर गोलीबारी हुई और उस समय कार में पांच लोग सवार थे।
यहां एक अधिकारी ने बताया कि एक व्यक्ति को कंधे में गोली लगी और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर) राजा बांठिया के अनुसार, कार सवार लोगों ने हमलावरों की संख्या के बारे में अलग-अलग बयान दिए हैं।
घटना के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट आया जिसमें गैंगस्टर नवीन बॉक्सर ने गोलीबारी की कथित तौर पर जिम्मेदारी ली।
उसी के नाम और तस्वीर वाले प्रोफाइल से साझा की गई पोस्ट में कहा गया है कि यह हमला उसने और उसके साथियों ने किया था तथा खत्री को धमकी भी दी गई थी।
पोस्ट में लिखा था कि लॉरेंस के लिए मुखबिर और बिचौलिए का काम करता है। ’’तुम जबरन वसूली के सौदे तय करते हो और बैठकों के दौरान जानकारी लाते हो – ऐसा करना बंद करो। अन्यथा, तुम्हारे कृत्यों का दंड मिलेगा और तुम्हारे पूरे परिवार को इसके परिणाम भुगतने पड़ेंगे।’’
एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हम पोस्ट और उसके स्रोत की जांच कर रहे हैं। जांच के निष्कर्षों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’’
एक फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हमलावरों की पहचान करने के लिए आसपास के इलाकों से सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
भाषा यासिर मनीषा
मनीषा