नयी दिल्ली, 25 फरवरी (भाषा) दिल्ली की एक अदालत ने यहां भारत मंडपम में ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के दौरान कमीज उतार कर प्रदर्शन करने को लेकर गिरफ्तार किये गए भारतीय युवा कांग्रेस के पांच कार्यकर्ताओं की पुलिस हिरासत बुधवार को चार दिन के लिए बढ़ा दी।
न्यायिक मजिस्ट्रेट रवि ने हिरासत में पूछताछ के लिए आरोपियों की पुलिस हिरासत की अवधि बढ़ाई है।
आरोपियों को 20 फरवरी को किये गए प्रदर्शन के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था। उनमें बिहार से युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कृष्णा हरि, इसकी बिहार इकाई के सचिव कुंदन यादव, उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय कुमार और तेलंगाना से नरसिम्हा यादव शामिल हैं।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर से गिरफ्तार किये गए जितेंद्र यादव को भी अदालत में पेश किया गया और मजिस्ट्रेट ने उनकी पुलिस हिरासत भी बढ़ा दी।
भाषा सुभाष अविनाश माधव
माधव