गढ़वाल मंडल में भूमि धोखाधड़ी के आठ मामलों में प्राथमिकी दर्ज करने के आयुक्त के आदेश
गढ़वाल मंडल में भूमि धोखाधड़ी के आठ मामलों में प्राथमिकी दर्ज करने के आयुक्त के आदेश
देहरादून, 24 सितंबर (भाषा) उत्तराखंड में गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप ने बृहस्पतिवार को भूमि धोखाधड़ी से संबंधित आठ मामलों में प्राथमिकी दर्ज कराने तथा तथा एक अन्य मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) से जांच कराए जाने के आदेश दिए।
यहां भूमि धोखाधड़ी समन्वय समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए स्वरूप ने अधिकारियों को सरकारी भूमि पर कब्जे अथवा अतिक्रमण से संबंधित शिकायतों को किसी भी स्तर पर हल्के में न लेने तथा प्रत्येक शिकायत की प्रभावी एवं निष्पक्ष जांच करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा ।
बैठक में गढ़वाल मंडल के विभिन्न जिलों से प्राप्त भूमि संबंधी धोखाधड़ी, सरकारी भूमि पर अतिक्रमण, फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भूमि हस्तांतरण तथा अनधिकृत रूप से जमीन के छोटे-छोटे टुकड़े बनाने समेत विभिन्न प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई।
समिति के सामने भूमि धोखाधड़ी के कुल 56 प्रकरण पेश किए गए जिनमें से आठ मामलों में प्राथमिकी दर्ज कराने तथा एक अन्य प्रकरण में एसआईटी जांच के आदेश दिए गए। इसके अलावा, 35 मामलों में संबंधित उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों एवं विभागीय अधिकारियों को अभिलेखों एवं तथ्यों का परीक्षण करते हुए विस्तृत जांच रिपोर्ट पेश करने को कहा गया । शेष 12 मामलों का निस्तारण कर दिया गया ।
आयुक्त ने सभी उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों तथा नगर निगम एवं नगर निकाय के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी भूमि पर कब्जे एवं अतिक्रमण की शिकायतों की प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण हो और मामला सही पाए जाने पर राजस्व, पुलिस, नगर निकाय, एमडीडीए एवं अन्य संबंधित विभाग आपसी समन्वय से जांच करते हुए तत्काल नियमानुसार कार्रवाई करें।
भाषा दीप्ति राजकुमार
राजकुमार

Facebook


