गहलोत ने ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी पर सवाल उठाया, केंद्र से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की
गहलोत ने ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी पर सवाल उठाया, केंद्र से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की
जयपुर, 26 मई (भाषा) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार को केंद्र और राजस्थान सरकार पर पेट्रोल, डीजल तथा सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी के कारणों को स्पष्ट रूप से समझाने में ‘‘विफल रहने’’ का आरोप लगाया।
गहलोत ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी केंद्र सरकार से मांग कर रहे हैं कि वह जनता को वास्तविक स्थिति से अवगत कराए।
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘विपक्ष क्या मांग कर रहा है? राहुल गांधी क्या कह रहे हैं? सरकार देशवासियों को बताए कि मौजूदा स्थिति क्या है, अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण क्या मजबूरियां हैं और आने वाले समय में किन कदमों की जरूरत पड़ सकती है।’’
गहलोत ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील के बाद भारतीय जनता पार्टी के नेता और मंत्री रिक्शा में यात्रा करने, पैदल चलने और इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल कर ‘‘तमाशा’’ कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘तमाशे से जनता के बीच कोई संदेश नहीं जाता। अगर आप वास्तव में कोई त्याग करते हैं, तो उसका असर सीधे लोगों तक पहुंचता है, लेकिन यहां केवल दिखावा किया जा रहा है।’’
कांग्रेस नेता ने ईंधन की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार को लोगों के बीच भ्रम पैदा करने के बजाय मूल्य वृद्धि के कारणों को खुलकर बताना चाहिए।
गहलोत ने दावा किया कि लोग पेट्रोल और डीजल की कीमतों में और बढ़ोतरी की आशंका से चिंतित हैं तथा पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखी जा रही हैं।
उन्होंने कई इलाकों में रसोई गैस सिलेंडर की कमी का भी आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि रसोई गैस वितरक और पेट्रोल पंप संचालक जनता के गुस्से का सामना कर रहे हैं, क्योंकि केंद्र सरकार स्थिति को स्पष्ट नहीं कर रही है।
भाषा पृथ्वी खारी
खारी

Facebook


