पायलट को बच्चा की तरह देखते हैं गहलोत: मदन राठौड़

पायलट को बच्चा की तरह देखते हैं गहलोत: मदन राठौड़

पायलट को बच्चा की तरह देखते हैं गहलोत: मदन राठौड़
Modified Date: April 28, 2026 / 07:54 pm IST
Published Date: April 28, 2026 7:54 pm IST

जयपुर, 28 अप्रैल (भाषा) भाजपा की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष मदन राठौड़ ने मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान पर पलटवार किया। यह विवाद तब शुरू हुआ जब भाजपा के प्रदेश प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल ने सचिन पायलट को “बहुरूपिया” कहा था।

राठौड़ ने कहा कि गहलोत का यह कहना कि पायलट के “दोनों पैर कांग्रेस में हैं” उनकी मानसिकता को दर्शाता है और यह दिखाता है कि वे पायलट को पूरी तरह अपना सहयोगी नहीं मानते।

उन्होंने कहा, “गहलोत वरिष्ठ नेता हैं, लेकिन वे अब भी सचिन पायलट को बच्चे की तरह देखते हैं। वे कहते हैं कि पायलट अब गलती नहीं करेंगे और पार्टी में बने रहेंगे, मानो उन्हें आसानी से प्रभावित किया जा सकता है। पायलट बच्चा नहीं हैं।”

भाजपा के प्रदेश प्रभारी अग्रवाल की टिप्पणी का बचाव करते हुए राठौड़ ने कहा कि “बहुरूप” शब्द का इस्तेमाल पायलट के कई पहलुओं को दर्शाने के लिए किया गया था।

उन्होंने कहा, “उनका व्यक्तित्व शांत और सौम्य है, लेकिन उन्होंने पहले आक्रामक पक्ष भी दिखाया है। ऐसे व्यक्ति को कई रूपों वाला कहा जा सकता है। इसमें और कोई अर्थ नहीं था।”

राठौड़ ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर भी निशाना साधा और कहा कि पार्टी खुद पायलट की खूबियों को उजागर नहीं करती।

उन्होंने कहा, “पायलट हमारी पार्टी में नहीं हैं, फिर भी हम उनकी खूबियों की चर्चा कर रहे हैं। उनकी अपनी पार्टी को भी ऐसा करना चाहिए।”

गौरतलब है कि सोमवार को राधा मोहन दास अग्रवाल ने टोंक विधायक सचिन पायलट की राजनीतिक निष्ठा पर सवाल उठाते हुए कहा था कि “वे एक पैर पार्टी में रखते हैं और दूसरा कहीं और।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि “टोंक का विधायक एक ‘बहुरूपिया’ बन गया है।”

इस टिप्पणी पर कांग्रेस नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी और अग्रवाल से माफी की मांग की। इसके जवाब में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा था कि पायलट के दोनों पैर मजबूती से कांग्रेस में हैं और पार्टी में ही रहेंगे।

भाषा बाकोलिया संतोष

संतोष


लेखक के बारे में