जर्मनी ने भारतीय यात्रियों के लिए ‘ट्रांजिट वीजा’ की अनिवार्यता खत्म की

Ads

जर्मनी ने भारतीय यात्रियों के लिए ‘ट्रांजिट वीजा’ की अनिवार्यता खत्म की

  •  
  • Publish Date - June 2, 2026 / 08:18 PM IST,
    Updated On - June 2, 2026 / 08:18 PM IST

नयी दिल्ली, दो जून (भाषा) जर्मनी के दूतावास ने मंगलवार को बताया कि अब भारतीय नागरिकों को जर्मनी के किसी हवाई अड्डे पर ठहराव के साथ किसी अन्य देश की यात्रा करने के लिए ‘ट्रांजिट वीजा’ की आवश्यकता नहीं होगी।

दूतावास के अनुसार, यह निर्णय तीन जून से प्रभावी होगा। हर साल छात्र, नौकरीपेशा लोग और पर्यटक समेत बड़ी संख्या में भारतीय अन्य गंतव्यों तक पहुंचने के लिए जर्मनी के हवाई अड्डों से होकर यात्रा करते हैं।

दूतावास ने एक बयान में कहा, ‘‘जर्मनी के हवाई अड्डे पर ठहराव के साथ किसी अन्य देश की यात्रा करने वाले भारतीय नागरिकों को अब ट्रांजिट वीजा की आवश्यकता नहीं होगी। भारतीय नागरिकों के लिए हवाई अड्डा ट्रांजिट वीजा की आवश्यकता समाप्त करने संबंधी अधिसूचना दो जून 2026 को संघीय कानून गजट में घोषित की गई। यह निर्णय तीन जून से प्रभावी हो जाएगा।’’

दूतावास ने कहा, ‘‘यह निर्णय जर्मन संघीय सरकार की भारत-जर्मनी संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने, लोगों की आवाजाही को सुगम करने तथा आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।’’

दूतावास ने बताया कि यह कदम जनवरी में जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ की भारत यात्रा के बाद उठाया गया है।

अप्रैल में विदेश मंत्रालय ने कहा था कि फ्रांस सरकार ने यूरोपीय क्षेत्र फ्रांस से होकर गुजरने वाले भारतीय नागरिकों के लिए वीजा-मुक्त पारगमन व्यवस्था लागू कर दी है।

भाषा आशीष माधव

माधव