नयी दिल्ली, 10 मार्च (भाषा) केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मंगलवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए उन पर ‘‘अर्बन नक्सल’’ जैसा बर्ताव करने का आरोप लगाया और उनकी तुलना अंतिम मुगल बादशाह बहादुर शाह ज़फ़र से की।
संसद परिसर में संवाददाताओं से बातचीत में सिंह ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी सदन में चर्चा और मतदान से बच रहे हैं। उन्होंने पश्चिम एशिया संघर्ष और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ हाल में लाए गए अविश्वास प्रस्ताव का जिक्र किया।
सिंह ने कहा, ‘‘मैंने ऐसा नेता प्रतिपक्ष नहीं देखा। उनके पास कोई दृष्टिकोण नहीं है और वे अर्बन नक्सल जैसा बर्ताव करते हैं। नेता प्रतिपक्ष के तौर पर, आप पहले सदन को बताते हैं कि आप कुछ मुद्दों पर चर्चा चाहते हैं और उन पर मतदान चाहते हैं। आप उनसे क्यों भाग रहे हैं?’’
भाजपा नेता ने कहा, ‘‘वह कांग्रेस के लिए वैसे ही हैं जैसे आखिरी मुगल बादशाह मुगल वंश के लिए थे। एक नकली गांधी परिवार के आखिरी राजकुमार, जिन्हें कुछ पता नहीं है।’’
भाषा वैभव सुभाष
सुभाष