उप्र : पुलिस चौकी में दरोगा और सिपाही से मारपीट, पांच आरोपी पकड़े गए

Ads

उप्र : पुलिस चौकी में दरोगा और सिपाही से मारपीट, पांच आरोपी पकड़े गए

  •  
  • Publish Date - April 30, 2026 / 12:44 PM IST,
    Updated On - April 30, 2026 / 12:44 PM IST

मिर्जापुर (उप्र), 30 अप्रैल (भाषा) मिर्जापुर जिले में मेडिकल कॉलेज अस्पताल की पुलिस चौकी में घुस कर एक दरोगा और सिपाही से मारपीट के आरोप में पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है।

पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि बुधवार रात करीब 11 बजे शहर कोतवाली क्षेत्र में दो ई-रिक्शा के बीच टक्कर हो गई। इसके बाद दोनों वाहनों के चालकों तथा उन पर सवार कुछ लोगों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई।

उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल की पुलिस चौकी लेकर आई तभी उनमें से कुछ दबंग लोगों ने दरोगा मनोज राय और सिपाही कमलेश पासवान से मारपीट की। इस दौरान सिपाही के सिर में कथित तौर पर चोट आई जबकि दरोगा की वर्दी फाड़ दी गई।

सूत्रों ने बताया कि इस मारपीट का एक कथित वीडियो भी सोशल मीडिया पर आया है।

उन्होंने बताया कि इसकी सूचना मिलने पर थाने से पुलिस बल मौके पर पहुंचा और भागने की कोशिश कर रहे पांच आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

सूत्रों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है जबकि घायल सिपाही का इलाज किया जा रहा है।

भाषा सं सलीम मनीषा

मनीषा