हैदराबाद, 16 मार्च (भाषा) चार साल की एक बच्ची के कथित तौर पर यौन उत्पीड़न और हत्या के मामले में 25 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
यह घटना रविवार को हुई जब आरोपी ने लड़की को चॉकलेट का लालच देकर एक श्रम शिविर से अपने साथ ले गया।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बच्ची के पड़ोस में ही रहने वाला आरोपी, उसे पास की झाड़ियों में ले गया और यौन उत्पीड़न कर उसकी हत्या कर दी।
बच्ची के पिता ने रविवार को नरसिंगी पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस उपायुक्त (सेरिलिंगमपल्ली जोन) सी.एच. श्रीनिवास ने एक विज्ञप्ति में बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान, पुलिस ने सबूत जुटाए और उस संदिग्ध की पहचान की जो बच्ची को अपने साथ ले गया था। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। राजमिस्त्री का काम करने वाला आरोपी पश्चिम बंगाल के मालदा जिले का निवासी है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के बयान के आधार पर बच्ची का शव बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया कि नरसिंगी थाना क्षेत्र में कई श्रमिक शिविर हैं, जहां विभिन्न राज्यों से आए प्रवासी श्रमिक रह रहे हैं। श्रमिक अपने बच्चों को इन शिविरों में छोड़कर काम पर जाते हैं।
भाषा राखी आशीष
आशीष