उपचुनाव के लिए आचार संहिता लागू होने के कारण गोवा विधानसभा सत्र की अवधि कम की गई

Ads

उपचुनाव के लिए आचार संहिता लागू होने के कारण गोवा विधानसभा सत्र की अवधि कम की गई

  •  
  • Publish Date - March 16, 2026 / 07:00 PM IST,
    Updated On - March 16, 2026 / 07:00 PM IST

पणजी, 16 मार्च (भाषा) गोवा में आगामी विधानसभा उपचुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद सोमवार को गोवा का बजट सत्र संक्षिप्त कर दिया गया।

सत्र स्थगित होने से पहले सदन में राज्य बजट पारित हो गया। छह मार्च को शुरू हुआ यह सत्र मूल रूप से 27 मार्च को संपन्न होना था।

इससे पहले दिन में, मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि उपचुनाव की घोषणा के मद्देनजर विधानसभा सत्र जारी रखने के बारे में निर्णय लेने के लिए वह निर्वाचन आयोग से राय लेंगे।

आयोग ने रविवार को दक्षिण गोवा जिले के पोंडा विधानसभा क्षेत्र में नौ अप्रैल को उपचुनाव की घोषणा की।

सोमवार को दोपहर के भोजन के बाद सदन के सदस्यों के एकत्रित होने पर राज्य प्रोटोकॉल मंत्री मौविन गोडिन्हो ने वर्तमान सत्र के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित करने का प्रस्ताव रखा। विपक्ष द्वारा विभिन्न मुद्दों पर लाए गए निजी संकल्पों पर चर्चा की मांग के बावजूद, यह प्रस्ताव ध्वनि मत से पारित हो गया।

सत्र स्थगित होने से पहले, सदन ने ध्वनि मत से बजट पारित कर दिया। बजट छह मार्च को विधानसभा में प्रस्तुत किया गया था।

भाषा शफीक सुरेश

सुरेश