गोवा प्रदेश भाजपा ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर राहुल के प्रदर्शन के विरूद्ध मार्च निकाला

गोवा प्रदेश भाजपा ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर राहुल के प्रदर्शन के विरूद्ध मार्च निकाला

गोवा प्रदेश भाजपा ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर राहुल के प्रदर्शन के विरूद्ध मार्च निकाला
Modified Date: July 22, 2026 / 05:55 pm IST
Published Date: July 22, 2026 5:55 pm IST

पणजी, 22 जुलाई (भाषा) गोवा में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री के आवास के बाहर कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा धरना दिये जाने की निंदा करते हुए बुधवार को यहां एक विरोध मार्च निकला। पार्टी ने विपक्षी दल पर देश के युवाओं को गुमराह करने का आरोप भी लगाया।

राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अगुवाई में कांग्रेस नेताओं ने मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरना दिया। उन्होंने कथित नीट प्रश्नपत्र लीक मामले में प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इस्तीफ़े की मांग की।

यहां प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दामोदर नाईक के नेतृत्व में पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में गांधी के आंदोलन के खिलाफ मार्च निकाला। इस मार्च में गोवा के पर्यटन मंत्री रोहन खंवटे, वास्को के विधायक दाजी कृष्णा सालकर एवं अन्य पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

नाइक ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘ यह देश में हिंसा फैलाने के लिए असामाजिक तत्वों की एक कोशिश है। युवा पीढ़ी को ये तत्व गुमराह कर रहे हैं।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी राजनीतिक कारणों से ऐसी कोशिशों की अगुवाई कर रहे थे।

नीट में कथित प्रश्नपत्र लीक का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘ नीट का मुद्दा पहले ही खत्म हो चुका है, लेकिन वे इसे बहाने के तौर पर इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहे हैं। केंद्र सरकार ने जांच शुरू कर दी है और एक एसआईटी भी बना दी गई है। (विपक्ष की ओर से ) जो कुछ भी हो रहा है, वह पूरी तरह से राजनीति है।’’

मार्च के दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारे लगाए और विपक्षी पार्टी पर जन-विरोध की आड़ में अशांति फैलाने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

भाषा राजकुमार पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में