गोवा मई में ‘वेव्स इंटरनेशनल शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल’ की मेजबानी करेगा

Ads

गोवा मई में ‘वेव्स इंटरनेशनल शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल’ की मेजबानी करेगा

  •  
  • Publish Date - April 12, 2026 / 07:52 PM IST,
    Updated On - April 12, 2026 / 07:52 PM IST

पणजी, 12 अप्रैल (भाषा) गोवा सात से 10 मई तक ‘वेव्स इंटरनेशनल शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल’ (गोवा-इंडिया 3.0) के तीसरे संस्करण की मेजबानी करेगा। आयोजकों ने यह जानकारी दी।

पणजी में संवाददाता सम्मेलन में आयोजकों ने कहा कि इस आयोजन को दुनिया भर से 632 प्रविष्टियां प्राप्त हुई हैं, ‘‘जो महोत्सव की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय अपील और लघु फिल्म निर्माण के प्रति बढ़ते उत्साह को दर्शाती हैं।’’

महोत्सव निदेशक अमोल अजगांवकर ने कहा कि प्राप्त प्रविष्टियों की व्यापकता और विविधता इस मंच के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

उन्होंने कहा, ‘‘इस वर्ष की प्रतिक्रिया दर्शाती है कि वेव्स किस प्रकार निरंतर अपनी पहुंच का विस्तार कर रहा है और विश्व भर के फिल्म निर्माताओं के लिए एक मान्यता प्राप्त मंच बन रहा है। इस संस्करण के लिए विश्व भर से 632 प्रविष्टियां प्राप्त हुई हैं।’’

इस महोत्सव का एक प्रमुख आकर्षण ‘‘60 ऑवर्स चैलेंज’’ है। इसमें प्रतिभागियों को 60 घंटों के भीतर एक शॉर्ट फिल्म की परिकल्पना कर उसे पूरा करना होता है, जिसमें पटकथा लेखन, कलाकारों का चयन, शूटिंग, संपादन और अंतिम प्रस्तुति शामिल होती है।

आयोजकों ने बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता के लिए 50 टीम ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 42 टीम ने सफलतापूर्वक अपनी फिल्में पूरी करके जमा कर दीं।

संवाददाता सम्मेलन में जूरी के सदस्य गुरपाल सिंह, अशोक राणे, शर्मद रायतुरकर, गोवा में रहने वाले अंतरराष्ट्रीय फिल्मकार ग्रांट डेविस और सह-आयोजक राजाराम गोपाल तुरी उपस्थित थे।

भाषा आशीष रंजन

रंजन