विकसित राज्यों के जरिए ही 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल होगा : अमित शाह
विकसित राज्यों के जरिए ही 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल होगा : अमित शाह
गांधीनगर, 21 जुलाई (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ बनाने का संकल्प तभी साकार हो सकता है, जब देश के सभी राज्यों का समग्र विकास हो। उन्होंने इस लक्ष्य को साकार करने में गुजरात के योगदान की भी सराहना की।
शाह ने अपने गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र के मानसा तालुका में 870 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये उद्घाटन किया। इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे।
शाह ने अपने संबोधन में कहा, ‘‘मौजूदा मुख्यमंत्री भूपेंद्रभाई गुजरात में विकास की उस गंगा को आगे बढ़ा रहे हैं, जिसकी शुरुआत मोदी साहब ने की थी। मोदी साहब ने हमेशा नागरिकों के सुख को प्राथमिकता दी और विकास के लिए बुनियादी ढांचे पर विशेष जोर दिया। उन्होंने ऐसे कार्यक्रम तैयार किए, जिनमें इन सभी पहलुओं का समावेश हो।’’
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गुजरात में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा शुरू किए गए विकास कार्यों को आगे बढ़ाया है और ‘विकसित गुजरात’ का सपना अब ‘विकसित भारत’ के व्यापक दृष्टिकोण में बदल चुका है, जिसे देखकर प्रधानमंत्री को प्रसन्नता होगी।
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, ‘‘मोदी साहब ने 15 अगस्त, 2047 तक ‘विकसित भारत’ बनाने का जो संकल्प लिया है, वह केवल राज्यों के विकास के माध्यम से ही पूरा हो सकता है। मैं मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को इस संकल्प को साकार करने के लिए दिन-रात किए जा रहे उनके प्रयासों के लिए शुभकामनाएं देता हूं।’’
उन्होंने बताया कि जिन परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया, उनमें एक पुल, एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तथा प्रख्यात गुजराती साहित्यकार रघुवीर चौधरी की स्मृति में स्थापित ट्रस्ट के भवन का उद्घाटन शामिल है।
शाह ने कहा, ‘‘चराड़ा गांव में स्थापित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से लगभग एक लाख लोगों को लाभ मिलेगा। मानसा में एक नया सिविल अस्पताल भी बनाया जा रहा है। मैं चराड़ा के लोगों से कहना चाहता हूं कि सिविल अस्पताल बनने के बाद उन्हें उपचार के लिए गांधीनगर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। चराड़ा का सीएचसी सिविल अस्पताल के विस्तार के रूप में कार्य करेगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘रघुवीर चौधरी संस्कार भवन ट्रस्ट के सुंदर भवन का भी उद्घाटन किया गया है। एक साधारण पशुपालक परिवार में जन्मे रघुवीर चौधरी ने अपने साहित्य के बल पर देशभर में पहचान बनाई और पद्म सम्मान प्राप्त किया। उन्होंने चराड़ा और मानसा का नाम गौरवान्वित किया।’’
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि 716 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित दो बैराजों के उद्घाटन से धारोई बांध से छोड़े गए पानी का संरक्षण कम से कम आठ महीने तक हो सकेगा। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और विभिन्न वन्यजीवों को भी लाभ पहुंचेगा।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि यह अवसर केवल विकास परियोजनाओं के लोकार्पण का नहीं, बल्कि जनता के विश्वास, उम्मीदों और उनकी आकांक्षाओं की पूर्ति का भी प्रतीक है।
पटेल ने कहा, ‘‘वैश्विक नेता नरेन्द्र मोदी ने ‘विकसित भारत’ के संकल्प के साथ विकास की नयी दिशा तय की है और देश प्रगति के नए मार्ग पर आगे बढ़ रहा है।’’
पटेल ने कहा, ‘‘विकास, विश्वास और जनकल्याण के 12 वर्ष सफलतापूर्वक पूरे करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी अब विकसित भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ा रहे हैं। गुजरात पिछले ढाई दशकों से उनके दूरदर्शी नेतृत्व और सुशासन का लाभ प्राप्त कर रहा है।’’
भाषा रवि कांत रवि कांत धीरज
धीरज

Facebook


