व्हाइट नाइट कोर के जीओसी ने जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में मुठभेड़ स्थल का दौरा किया

Ads

व्हाइट नाइट कोर के जीओसी ने जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में मुठभेड़ स्थल का दौरा किया

  •  
  • Publish Date - September 18, 2026 / 04:49 PM IST,
    Updated On - September 18, 2026 / 04:49 PM IST

जम्मू, 18 सितंबर (भाषा) प्रतिबंधित संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े दो पाकिस्तानी आतंकवादियों को सुरक्षा बलों द्वारा ढेर किये जाने के एक दिन बाद, जम्मू स्थित व्हाइट नाइट कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) लेफ्टिनेंट जनरल पी.के. मिश्रा ने शुक्रवार को उधमपुर जिले में मुठभेड़ वाली जगह का दौरा किया और वहां आतंकवाद-रोधी अभियान का जायजा लिया। सेना ने यह जानकारी दी।

लेफ्टिनेंट जनरल मिश्रा के साथ जीओसी डेल्टा फोर्स भी थी। डेल्टा फोर्स सेना की एक विशेष आतंकवाद-रोधी इकाई है, जिसका मुख्यालय बटोत में है और यह मुख्य रूप से चिनाब घाटी के जिलों- रामबन, डोडा और किश्तवाड़ में तथा उधमपुर के कुछ हिस्सों में सक्रिय रहती है।

व्हाइट नाइट कोर ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘व्हाइट नाइट कोर के जीओसी ने डेल्टा फोर्स के जीओसी के साथ मिलकर उधमपुर के ब्रट्टल का दौरा किया, ताकि आतंकवाद-रोधी अभियान का जायजा लिया जा सके और जमीनी हालात का आकलन किया जा सके।’’

पोस्ट में कहा गया, ‘‘कोर कमांडर ने बदलते सुरक्षा माहौल, अभियान से जुड़ी गतिविधियों और अभियान की गति को लगातार बनाए रखने के उपायों की समीक्षा की, ताकि उभरते खतरों का तेजी से, तालमेल के साथ और निर्णायक जवाब दिया जा सके।’’

इसमें कहा गया कि जीओसी ने दो आतंकवादियों को सफलतापूर्वक मार गिराए जाने की तारीफ की और व्हाइट नाइट कोर जवानों की मजबूत कार्रवाई, ऊंचे हौसले और अटूट प्रतिबद्धता की सराहना की।

बुधवार-बृहस्पतिवार की दरमियानी रात उधमपुर के मजलता इलाके में ब्रट्टल सोहन के जंगलों में आतंकवाद-रोधी अभियान के दौरान जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकवादी मारे गए और एक संदिग्ध कार्यकर्ता को हिरासत में लिया गया।

मारे गए आतंकवादियों के पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किये गये, जिसमें अमेरिका में बनी एम4 कार्बाइन भी शामिल थी।

अधिकारियों ने बताया कि आखिरी खबर मिलने तक सेना, पुलिस और सीआरपीएफ का संयुक्त तलाशी अभियान घने जंगलों में जारी था।

भाषा वैभव सुरेश

सुरेश