केरल हवाईअड्डे के बाहर एक किलोग्राम से ज्यादा वज़न की सोने की छड़ें जब्त, एक व्यक्ति गिरफ्तार

Ads

केरल हवाईअड्डे के बाहर एक किलोग्राम से ज्यादा वज़न की सोने की छड़ें जब्त, एक व्यक्ति गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - June 25, 2026 / 03:01 PM IST,
    Updated On - June 25, 2026 / 03:01 PM IST

मलप्पुरम (केरल), 25 जून (भाषा) करिपुर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के बाहर बृहस्पतिवार को एक व्यक्ति से एक किलोग्राम से ज्यादा वजन की सोने की 10 छड़ जब्त किए जाने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मल्लपुरम जिले के किझिसेरी के रहने वाले असलम के तौर पर हुई।

पुलिस के अनुसार, असलम बृहस्पतिवार सुबह रियाद से आया था।

अधिकारियों ने बताया कि असलम कथित तौर पर एक इमरजेंसी लैंप के अंदर सोना छिपाकर सीमा शुल्क की जांच से बच निकला।

उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने असलम को हवाईअड्डे के बाहर रोका और उसके सामान की तलाशी ली।

पुलिस ने बताया कि इमरजेंसी लैंप को खोलकर देखा तो उसके अंदर छिपाकर रखी गईं सोने की 10 छड़ मिलीं, जिनमें से हर एक का वजन लगभग 100 ग्राम था।

बाद में आरोपी को पूछताछ के लिए करिपुर पुलिस थाने ले जाया गया।

पुलिस को शक है कि असलम सोने की तस्करी करने वाले गिरोह के लिए कैरियर का काम कर रहा था।

अधिकारियों ने बताया कि तस्करी की इस कोशिश में संलिप्त गिरोह का पता लगाने की कोशिशें की जा रही हैं।

भाषा शफीक नरेश

नरेश